May 15, 2024

भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे पाण्डे को दी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

भारतीय मजदूर संघ की आपत्ति के बावजूद बनाया बीएसएनएल का मप्र का मुख्य महाप्रबन्धक

रतलाम,4 मई (इ खबरटुडे)। भारत माता की जय के नारे पर आपत्ति उठाने वाले और भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों से घिरे बीएसएनएल के अधिकारी गणेशचन्द्र पाण्डे को भारतीय मजदूर संघ की कडी आपत्ति के बावजूद मध्यप्रदेश का मुख्य महाप्रबन्धक बना दिया गया है। उक्त नियुक्ति के विरोध में भामसं द्वारा केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री और प्रधानमंत्री तक को शिकायतें भेजी गई थी।
उल्लेखनीय है कि गणेशचन्द्र पाण्डेय (सेवा क्र.8181) करीब दस वर्ष पूर्व रतलाम बीएसएनएल के महाप्रबन्धक के रुप में पदस्थ थे। उनके कार्यकाल के दौरान यहां जमकर भ्रष्टाचार हुआ,जिसकी कई शिकायतें बीएमएस ने की थी। इन शिकायतों की जांचे भी लंम्बित है। उस समय देश में कांग्रेस सरकार थी,इसलिए भारतीय मजदूर संघ के साथ द्वैषतापूर्ण कार्यवाही की जाती थी। भारतीय मजदूर संघ से सम्बध्द कर्मचारियों को प्रताडित करना,दण्डित करना इत्यादि सामान्य बातें थी।
प्रधानमंत्री को भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रेषित शिकायत में कहा गया है कि उस समय भामसं द्वारा किए गए एक आन्दोलन में जब कर्मचारी भारत माता की जय का नारा लगा रहे थे,इन्ही गणेशचन्द्र पाण्डे ने भारत माता की जय का नारा लगाने से भी रोका और कर्मचारियों को भारत माता की जय बोलने पर नौकरी से निकाल देने की धमकियां तक दी। भारतीय मजदूर संघ ने विगत दस वर्षों में गणेशचन्द्र पाण्डे और इन्द्रजीत खन्ना के भ्रष्टाचार की अनेक तथ्यात्मक शिकायतें प्रस्तुत की थी,लेकिन कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं के संरक्षण में इन भ्रष्ट अधिकारियों ने इस प्रकार की समस्त जांचों को दबवा दिया और निरन्तर पदोन्नति प्राप्त करते रहे।
भ्रष्टाचार की तमाम शिकायतों के चलते इन भ्रष्ट अधिकारियों को  मध्यप्रदेश में तो पदस्थापना किसी भी हालत में नहीं दी जाना चाहिए थी,लेकिन इन भ्रष्ट अधिकारियों ने अपने धनबल के सहारे अपनी मनमर्जी से पदस्थापना भी प्राप्त कर ली। भामसं के स्थानीय नेताओं को जैसे ही यह भनक लगी कि गणेश पाण्डे मध्यप्रदेश में पदस्थापना कराने के प्रयास में है,भारतीय मजदूर संघ ने दूरसंचार मंत्री और प्रधानमंत्री इत्यादि को पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज कराई थी कि इन भ्रष्ट अधिकारियों को मध्यप्रदेश में पदस्थापना  नहीं दी जाए। इसके बावजूद विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों ने ले देकर गणेशचन्द्र पाण्डे को मध्यप्रदेश का मुख्य महाप्रबन्धक नियुक्त कर दिया।
भामसं के नेताओं ने फिर से वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर मांग की है कि इन भ्रष्ट अधिकारियों को तत्काल मध्यप्रदेश से अन्यत्र स्थानान्तरित कर इनके संपूर्ण कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds