September 30, 2024

भाजपा सरकार ने देश-दुनिया में भारत की नई पहचान बनाई-विधायक चेतन्य काश्यप

भाजपा का 37वॉ स्थापना दिवस समारोह आयोजित

रतलाम ,06अप्रैल (इ खबरटुडे)। भारतीय जनता पार्टी का 37वॉ स्थापना दिवस समारोह राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप की मुख्य उपस्थिति में भाजपा दीनदयाल मण्डल ने मनाया। इस मौके पर चेतन्य काश्यप ने कहा कि ‘‘अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा’’ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का यह वक्तव्य आज अक्षरशः सिद्ध हुआ है। देश के 70 प्रतिशत हिस्से में कमल खिल चुका है। भाजपा सरकार के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की परिकल्पना को साकार रूप देते हुए देश दुनिया में भारत की नई पहचान कायम की है।

स्थापना दिवस समारोह में दीनदयाल नगर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर विधायक चेतन्य काश्यप के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, उपाध्यक्ष मनोहर पोरवाल, महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, सीसी बैंक अध्यक्ष अशोक चौटाला, मण्डल प्रभारी बाबूलाल कर्णधार, मण्डल अध्यक्ष जयवन्त कोठारी, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, पूर्व महापौर आशा मौर्य, मण्डल उपाध्यक्ष राजेश रांका, भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक अनिता कटारिया, पार्षद अनिता कटारा आदि ने माल्यार्पण किया।
इस मौके पर चेतन्य काश्यप ने भाजपा के 1980 में स्थापना से लेकर आज तक के 37 सालों के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्त्योदय के विचार को लेकर समाज में लगातार कार्य कर रही है। पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के साथ पार्टी ने लम्बा संघर्ष करते हुए आज देश दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान कायम की है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की परिकल्पना को भाजपा की सरकारों ने धरातल पर साकार किया है। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनी है। पार्टी का नेतृत्व विचार के साथ लगातार कार्य कर रहा है। देश के विभिन्न प्रान्तों में भाजपा की सरकारें लगातार कल्याणकारी योजनाओं के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि म.प्र. में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कल्याणकारी शासन व्यवस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने पं. उपाध्याय के अन्त्योदय एवं महात्मा गांधी के सर्वोदय के दर्शन को आज साकार कर दिखाया है। सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सरकार आज हर व्यक्ति के साथ खड़ी नजर आती है। यह हमारा सौभाग्य है कि वर्ष 2014 में हमने रतलाम से प्रदेश की जनता को आवास का संवैधानिक अधिकार देने की जो बात मुख्यमंत्री के समक्ष की थी, आज वह साकार हुई है। इसी तरह अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया में भी रतलाम सम्पूर्ण म.प्र. में रोल मॉडल बना है। श्री काश्यप ने पार्टी की विचारधारा और दर्शन के अनुरूप चहुमुॅखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसके पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने बताया कि आज पार्टी का 37वॉ स्थापना दिवस प्रत्येक बूथ स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित करने का आह्वान किया। स्वागत उद्बोधन मण्डल अध्यक्ष जयवन्त कोठारी ने दिया। मण्डल प्रभारी जिला प्रवक्ता बाबूलाल कर्णधार ने भी विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नंदकिशोर पंवार व आभार मोहन वर्मा ने माना। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद, एल्डरमेन एवं कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
वार्ड क्र.-33 में स्थापना दिवस मनाया
वार्ड क्रमांक-33 राजस्व कॉलोनी में बूथ स्तर पर पार्टी का स्थापना दिवस राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष, विधायक चेतन्य काश्यप के आतिथ्य में लॉयन्स हॉल परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, राजस्व कॉलोनी समिति अध्यक्ष सुबेदारसिंह, भाजपा पूर्व अध्यक्ष रामप्रसाद परिहार, मीसाबंधु जगदीशप्रसाद एरन, पूर्व मण्डल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, विहिप जिलाध्यक्ष भगवानदास त्रिलोकचंदानी, क्षेत्रीय पार्षद अशोक यादव मंचासीन थे। श्री काश्यप ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को लाभान्वित करने का आह्वान किया। उन्होंने रतलाम के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए चहुमुॅखी विकास की बात कही। मंचासीन अतिथिगण ने भी सम्बोधित किया।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds