April 23, 2024

‘भाजपा की लोकप्रियता से कांग्रेसियों की नींद हराम’

मुख्यमंत्री ने कहा कि है समय नदी की धार जिसमें सब बह जाया करते हैं, कुछ लोग ऐसी भी होते हैं, जो इतिहास बनाया करते हैं। ऐसे ही लोगों में हमारे रोहाणी दादा हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि हम तो राजनीति में सेवा करने के लिये आये हैं, गरीबों के आंसू पोंछने आये हैं, इसीलिये हमने तय किया है कि इस लोक के साथ परलोक भी सुधारेंगे। हमने योजना बनाई है कि प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गो को मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत तीर्थो की यात्रा भी कराएंगे। बच्चों को पढ़ाएंगे और रोजगार की भी व्यवस्था करेंगे। जनता से कहा कि बेटी बचाओ, तभी बहू मिलेगी और यदि बेटा नहीं होगा तो सरकार ऐसे लोगों को पेंशन देने की योजना बना रही है।
कांग्रेसियों पर किये करारे वार
कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री का बिना नाम लिये शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक नेता कहते थे कि विकास से चुनाव नहीं जीता जाता, चुनाव जीतना तो कला है। उनकी गति तो यह हो गई है कि जहां-जहां चरण पड़े संतन के, वहां-वहां बंटाढार हो गया। बिहार गये तो चार सीटें मिलीं, उप्र में भी बेड़ा गर्क किया। केन्द्र सरकार पर वार करते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार नाम की चीज ही नहीं बची है। मनमोहन भैया कुछ कर नहीं पाते। केन्द्रीय मंत्रिमंडल का हाल तो दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा जैसा है।
इनको कहने दो, जनता की सुनो
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी तो तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की संभावना से बौखला गये हैं। नींद में भी रोहाणी जी इस्तीफा दो, शिवराज सिंह इस्तीफा दो बड़बड़ाते रहते हैं। उन्हांेने जनता से पूछा क्या इनके कहने से मैं इस्तीफा दे दूं। जनता ने कहा नहीं। मुख्यमंत्री ने जनता से तीन बार नहीं-नहीं कहलवाया। फिर कहा कि रोहाणी जी प्रदेश के प्रतिष्ठावान नेता हैं, जब जनता ही मना कर रही है तो इनके कहने से क्या होता है। रोहाणी जी ऐसे नेता नहीं जो अंगुली दिखाने से मुरझा जाएंगे। जलाने दो इन्हें पुतला, दिखाने दो काले झंडे, हमारी नजर ही उतर जायेगी।
दादा ईंट का जवाब पत्थर से देंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने अपने ही अंदाज में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश का महानायक बताया तो विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी को जबलपुर का ही नहीं, प्रदेश का दादा बताया। उन्होंने कहा कि रोहाणी दादा की 40 वर्ष की तपस्या को कोई कीचड़ उछालकर ग्रहण नहीं लगा सकता। कांग्रेस पर वार करते हुए श्री झा ने कहा कि उन्होंने प्रदेश का खजाना लूटा, शिवराज सिंह चौहान खजाना लुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिशन-2013 में निश्चित पराजय देखकर कांग्रेसी बौखला गये हैं। उन्होंने श्री रोहाणी से कहा कि भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं आपसे कह रहा हूं कि झुकने की जरूरत नहीं है, ईंट का जवाब पत्थर से दिया जायेगा।
ये रहे उपस्थित
मंचासीन अतिथियों में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी, गृह एवं प्रभारी मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पशुपालन मंत्री अजय विश्नोई, भाजपा नगर अध्यक्ष डॉ. विनोद मिश्रा, राज्य मंत्री हरिशंकर खटीक, महापौर प्रभात साहू, विधायक शरद जैन, विधायक एलबी लोबो, नगर महामंत्री अशोक रोहाणी, सदानंद गोडबोले शामिल थे। संचालन नगर निगम अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पार्षद राजेश भाटिया ने किया।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds