September 23, 2024

बहुत बड़े स्वप्न को साकार करने वाली है पूर्वोत्तर की जीत : विधायक काश्यप

चुनाव परिणाम घोषित होते ही रतलाम में होली संग मनी दीवाली

रतलाम ,03 मार्च(इ खबरटुडे)। पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा और नागालैंड विधानसभा के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश में होली के रंगों के बीच दीवाली का जश्न मनवा दिया। रतलाम में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल ढमाकों के साथ मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। विधायक एवं राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने इस मौके पर कहा कि पूर्वोत्तर की जीत एक बहुत बड़े स्वप्न को साकार करने वाली जीत है। भाजपा ने त्रिपुरा में एक विचारधारा को हराया है।श्री काश्यप ने कहा कि त्रिपुरा में साम्यवादी और राष्ट्रवादी विचारधारा के बीच संघर्ष था एक पार्टी धर्म की बात करती तो दूसरी पार्टी अधर्म की बात करती आ रही थी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में के नेतृत्व में धर्म और संस्कारों के साथ चलने वाली भाजपा ने साम्यवाद की एक संकीर्ण विचारधारा को हराया है। भाजपा की इस जीत ने यह भी साबित कर दिया है कि मोदीजी की रीति-नीति पर अब पूरा देश भरोसा करता है। 25 वर्षों के शासन से कम्यूनिस्टों को बेदखल करने वाली इस जीत का दिन भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए गौरवपूर्ण है। श्री काश्यप ने कहा कि त्रिपुरा के युवाओं ने विकास के प्रति जो तड़प दिखाई है ऐसी ही तड़प केरल में भी आएगी।
मध्यप्रदेश के उप चुनावों में भी भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ ग्वालियर में मत प्रतिशत बहुत बढ़ाया है। वहां की हार भी पार्टी की जीत ही है। प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व विहीन है। आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा इतिहास रचकर पुन: मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। इसके बाद आम चुनाव में भी प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में देश मे भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य ने कहा कि कम्यूनिस्टों से भाजपा को सालों से संघर्ष चला आ रहा था। विचारधारा की इस लड़ाई में कांग्रेस का सफाया हो गया और भाजपा ने कम्यूनिस्टों को शिकस्त देकर दो तिहाई बहुमत जीत दर्ज की है। देश में प्रधानमंत्री और प्रदेश में मुख्यमंत्री जिस तरह विकास की बात करते हैं रतलाम में उसी तरह विधायक चेतन्य काश्यप शहर का विकास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में रतलाम में भाजपा 50 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज करेगी। प्रारंभ में भाजपा कार्यकर्ता दिलबहार चौराहा तक विजय जुलूस के रूप में पहुंचे और जोरदार आतिशबाजी के साथ नारेबाजी की । इस मौके पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एकदूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाईयां दी। विधायक श्री काश्यप को फूल मालाएं पहनाकर भी पार्टी की जीत की बधाई दी गई।

शहर में कई जगह मना जीत का जश्न
भाजपा ने पूर्वोत्तर में पार्टी की जीत का जश्न शहर में कई जगह मनाया। पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहर सराय, नाहरपुरा और पैलेस रोड़ स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंचे। यहां जोरदार आतिशबाजी कर एकदूसरे का मुंह मीठा कराया गया। पार्टी कार्यालय पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने भी आतिशबाजी की। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, जिला उपाध्यक्ष मनोहर पोरवाल, महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष संतोष पोरवाल, रमेश बदलानी, जयवंत कोठारी, महामंत्री गोपाल शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, बद्रीलाल परिहार, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, आशा मोर्य, पार्षद अरूण राव, सरिता लोढ़ा, मनीषा शर्मा, सोना शर्मा, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अनिता कटारिया, एल्डरमेन ताराबेन सोनी, पूर्व पार्षद गोविन्द काकानी, विजय कसेरा, अजा मोर्चा के नन्दकिशोर तोषावड़ा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित अन्य पार्टी व मोर्चा पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित थे।

You may have missed