May 5, 2024

प्रदेश में डेढ़ लाख मीट्रिक टन से अधिक की गेहूँ खरीदी

किसानों को गेहूँ खरीदी के बदले 227 करोड़ का भुगतान

भोपाल,3 अप्रैल(इ खबरटुडे)।  प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य 25 मार्च से भोपाल, नर्मदापुरम्, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में शुरू हो गया है। इन जिलों में अब तक समर्थन मूल्य पर एक लाख 59 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। किसानों से खरीदे गये गेहूँ का लगभग 68 प्रतिशत सुरक्षित भण्डारण किया जा चुका है।

राज्य सरकार द्वारा किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के एवज में 227 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। प्रदेश में किसानों से इस वर्ष 1450 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी की जा रही है।

प्रदेश में मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन को समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये नोडल एजेंसी बनाया गया है। प्रदेश में चम्बल, ग्वालियर, सागर, रीवा, शहडोल एवं जबलपुर संभाग में गेहूँ खरीदी का कार्य आज से शुरू हो गया है। प्रदेश में गेहूँ खरीदी का कार्य 26 मई तक किया जायेगा। राज्य में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये 2974 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं। खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में बारदाने उपलब्ध करवाये गये हैं। किसानों को बेचे गये गेहूँ के जल्द भुगतान के उद्देश्य से उपार्जन कार्य में लगी सहकारी समितियों के खाते में सीधे राशि हस्तांतरित की गई है। जिलों में खरीदी का कार्य व्यवस्थित तरीके से हो सके, इसके लिये खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला-स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है। प्रदेश में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 80 लाख मीट्रिक टन गेहूँ खरीदी का अनुमान लगाया गया है। खरीदी केन्द्रों पर किसानों को सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई गई हैं।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds