June 26, 2024

पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम के नेहरू स्टेडियम में सम्पन्न हुआ

रतलाम ,21 जून (इ खबरटुडे)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। जगह-जगह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम के नेहरू स्टेडियम में सम्पन्न हुआ। इसमें महापौर डा. सुनीता यार्दे के मुख्य आतिथ्य तथा निगम सभापति अशोक पोरवाल के विशिष्ट आतिथ्य में कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, अपर कलेक्टर डा. कैलाश बुन्देला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. राजेश सहाय, नगर निगमायुक्त एस.के सिंह, बड़ी संख्या में सैकड़ों स्कूली बच्चो, अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में महापौर डा. सुनीता यार्दे तथा निगम सभापति अशोक पोरवाल ने अपने उदबोधनों में योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शारीरिक एवं मानसिक रोगों, विकारों को दूर करने में इसकी भूमिका को प्रतिपादित किया। इस दौरान योग प्रशिक्षक श्रीमती आशा दुबे के निर्देशन में मैदान में मौजूद लोगों द्वारा योग के विभिन्न आसन एक लय में किए। मुख्य समारोह के दौरान लगाई गई विशाल एल ई डी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उदबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित योग साधकों द्वारा देखा व सुना गया।

सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में योग/आसन की 21 मुद्राओं का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित लोगों ने सिर व गर्दन की चालन क्रियाएं, ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन, घुटना संचालन किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन/ वीरासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, मरीच्यासन/ वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन, शवासन, कपालभाति, प्राणायम, ध्यान, संकल्प एवं शांति पाठ एक साथ उपस्थित लोगों ने किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून से समस्त विश्व को संबोधित करते हुए कहा कि ये हम सभी भारतीयों के लिए गौरव की बात है कि आज जहां-जहां उगते सूर्य के साथ जैस-जैसे सूरज अपनी यात्रा करेगा, सूरज की किरण पहुंच रही है, प्रकाश का विस्तार हो रहा है, वहाँ – वहाँ लोग योग से सूर्य का स्वागत कर रहे हैं। देहरादून से लेकर डबलिन तक, शंघाई से लेकर शिकागो तक, जकार्ता से लेकर जोहानिसबर्ग तक, योग ही योग , योग ही योग है।हिमालय के हजारों फीट ऊंचे पर्वत हों या फिर धूप से तपता रेगिस्तान, योग हर परिस्थिति में, हर जीवन को समृद्ध कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि योग जोड़ने का काम करता है आज की आपाधापी और तेज भागती जिंदगी में योग मन, शरीर और बुद्धि आत्मा को जोड़कर व्यक्ति के जीवन में शांति लाता है। व्यक्ति को परिवार से जोड़कर परिवार में खुशहाली लाता है। परिवारों को समाज के प्रति संवेदनशील बना कर समाज में सद्भावना लाता है। समाज राष्ट्र की एकता के सूत्र बनते है। और ऐसे राष्ट्र विश्व में शांति और सौहार्द लाते है। मानवता, बंधुभाव से पल्लवित और पोषित होती है। यानी योग व्यक्ति-परिवार-समाज-देश-विश्व और सम्पूर्ण मानवता को जोड़ता है।
जब यूनाइटेड नेशन्स में योग के लिए प्रस्ताव रखा और ये यूनाइटेड नेशन्स का रिकॉर्ड है, ये पहला ऐसा प्रस्ताव था जिसको दुनिया के सर्वाधिक देशों ने, को-स्पान्सर किया। आज विश्व का हर नागरिक, विश्व का हर देश योग को अपना मानने लगा है और अब हिन्दुस्तान के लोगों के लिए एक बहुत बड़ा संदेश है कि हम उस महान विरासत के धनी है, हम उस महान परम्परा की विरासत को संजोय हुए है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि आज पूरी दुनिया में योग करने वालों के आंकड़े जुटाए जाएं तो अद्भुत तथ्य विश्व के सामने आएंगे। अलग-अलग देशों में, पार्कों में, खुले मैदानों में, सड़कों के किनारे, दफ्तरों में, घरों में, अस्पतालों में, स्कूलों में, कॉलेजों में, ऐतिहासिक विरासतों के सानिध्य में, योग के लिए जुटते सामान्य लोग, आप जैसे लोग, विश्व बंधुत्व के भाव और वैश्विक मित्रता को और ऊर्जा दे रहे हैं।

जीवन को अर्थपूर्ण बनाता है योग – मुख्यमंत्री श्री चौहान
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि योग जीवन को अर्थपूर्ण बनाता है। श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास में आयोजित चौथे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राज्य-स्तरीय योग प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर योग विश्व में जनांदोलन बन गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बच्चों से कहा कि रोज आधा घंटा योग करें। नियमित योगाभ्यास से ही योग के फायदे मिलेंगे। योगासन, प्राणायाम को जीवन का अभिन्न अंग बनायें। उन्होंने कहा कि योग से शरीर मजबूत होता है। मन प्रसन्न और बुद्धि प्रखर बनती है। खूब मन लगाकर पढ़ें। अच्छे अंक लायें। उच्च शिक्षा की फीस राज्य सरकार भरवाएगी।

You may have missed