May 17, 2024

पर्यटन निगम अध्यक्ष भौमिक ने बिलपांक मन्दिर के लिए की 10 लाख देने की घोषणा

रतलाम,29 मार्च (इ खबरटुडे)। बिलपांक स्थित प्राचीन विरुपाक्ष महादेव मन्दिर का दर्शन करने पंहुचे म.प्र.पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक ने फोरलेन पर सुन्दर स्वागत द्वार बनाने के लिए दस लाख रु.देने की घोषणा की है। श्री भौमिक रतलाम में आयोजित जल जागरुकता मेले में भाग लैकर लौटते समय बिलपांक पंहुचे थे। सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियन्ता जीएस डामोर भी उनके साथ थे।
बिलपांक पंहुचने पर ग्रामवासियों ने पुष्पहारों से श्री भौमिक का स्वागत किया। श्री भौमिक ने विरुपाक्ष महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया। बाद में स्थानीय ग्रामीण जनों की मांग पर उन्होने फोरलेन से बिलपांक के प्रवेश मार्ग पर एक सुन्दर स्वागत द्वार बनाने हेतु पर्यटन विकास निगम की ओर से दस लाख रु.स्वीकृत किए।
बिलपांक के सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम पाटीदार,अशोक पाटीदार समेत अन्य लोगों ने श्री भौमिक को विरुपाक्ष मन्दिर पर प्रति महाशिवरात्रि पर आयोजित किए जाने वाले यज्ञ व अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी दी। ग्रामीणजनों ने बताया कि विरुपाक्ष महादेव अत्यन्त जागृत देव है और महाशिवरात्रि पर होने वाले यज्ञ का प्रसाद प्राप्त करने के लिए प्रतिवर्ष देश भर से हजारों श्रध्दालु नर नारी यहां पंहुचते है। ग्रामीणजनों ने बताया कि प्राचीन विरुपाक्ष मन्दिर के विकास के लिए आसपास के घरों को यहां से अन्यत्र स्थानान्तरित करना आवश्यक है। यहां रहने वाले सभी लोग यहां से हटने के लिए सहमत है। यदि प्रशासन थोडी सी पहल करें तो विरुपाक्ष महादेव एक अत्यन्त सुन्दर पर्यटन स्थल के रुप में विकसित हो सकता है। श्री भौमिक ने इस कार्य में यथासंभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। श्री भौमिक का गांव के सरपंच श्रीमती सुशीला शर्मा के निवास पर भी स्वागत किया गया। इस अवसर पर गांव के रुघनाथ गोयल,राधेश्याम पाटीदार,सुभाष गोयल,संजय पाटीदार,जयन्तीलाल पाटीदार समेत अनेक  ग्रामीणजन उपस्थित थे।
इस मौके पर इस संवाददाता से विशेष चर्चा करते हुए श्री भौमिक ने कहा कि पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रदेश को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाने के लिए कई योजनाओं पर  काम किया जा रहा है और इसके सुपरिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होने कहा कि रतलाम के पर्यटन को विकसित करने के लिए भी पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्याप्त ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में धोलावाड बान्ध पर टूरिज्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया था,जो कि अत्यन्त सफल रहा था। धोलावाड को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने के लिए कई सुविधाएं प्रदान की गई है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds