May 4, 2024

नगर निगम उद्यानिकी विभाग संवारेगा उद्यानों को

संभागीय साधिकार समिति में प्रस्ताव को अनुशंसा के लिए स्वीकारा, 5.70 करोड़ का प्रस्ताव

उज्जैन,6 मई (इ खबरटुडे)।  संभागीय साधिकार समिति की बैठक सिंहस्थ मेला कार्यालय में मंगलवार को संपन्न हुई। लंबे समय तक चली बैठक में कई प्रमुख प्रस्तावों को अनुशंसा के लिए स्वीकृति दी गई है। कई प्रस्तावों पर विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है। कुछ प्रस्तावों को बाद में रखने के लिये वापस किया गया है। इन प्रस्तावों में नगर निगम उद्यानिकी विभाग के 5.70 करोड़ के प्रस्ताव को अनुशंसित किया गया है। इस राशि से शहर के कई उद्यानों को संवारा जायेगा। निजातपुरा चौराहा का सौंदर्यीकरण 90 लाख की राशि से होगा।
संभागीय साधिकार समिति की बैठक दो माह बाद आयोजित की गई। इस बैठक में संभागायुक्त सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आसपास के शाजापुर, आगर, रतलाम, नीमच, देवास कलेक्टरों के कुछ प्रस्तावों को अनुशंसा के लिए स्वीकार किया गया है। शेष प्रस्ताव विस्तृत प्रतिवेदन और बाद में रखे जाने के लिये वापस किये गये हैं।

आगर और देवास के प्रस्ताव स्वीकार

आगर जिला अंतर्गत नलखेड़ा बगलामुखी माता, आगर जिला मुख्यालय पर बाबा बैजनाथ और सोयतकलां हनुमान मंदिर पर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए सिंहस्थ संभागीय साधिकार समिति ने अनुशंसा के लिए इसे स्वीकार किया है। देवास कलेक्टर के माँ चामुण्डा टेकरी पर भी विभिन्न विकास कार्य सिंहस्थ-2016 के तहत किये जायेंगे। शाजापुर रतलाम और नीमच कलेक्टरों ने भी सिंहस्थ के लिये विकास कार्यों के प्रस्ताव दिये हैं।

हजारों शासकीय सेवकों के खानपान पर चर्चा

सिंहस्थ-2016 के तहत हजारों शासकीय सेवक उज्जैन आयेंगे। अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के इन शासकीय सेवकों के खान-पान की व्यवस्था को लेकर संभागीय साधिकार समिति की बैठक में मंथन किया गया है। सूत्र जानकारी दे रहे हैं कि व्यवस्थाओं पर चर्चा के उपरांत इस बात को लेकर निर्णय हुआ है कि कई कर्मचारियों को पात्रता के मान से उन्हें उनके बैंक खाते में पैसा डाल दिया जायेगा। जिससे कि वे अपनी सुविधा अनुसार खान-पान कर सकें। इसी प्रकार शासकीय सेवकों के रहने की व्यवस्था को लेकर भी पात्रता अनुसार पैसा दिया जायेगा।

आईटी के टेण्डरों का अनुमोदन

सिंहस्थ-2016 के तहत सूचना प्रौद्योगिकी को लेकर निकाले गये टेण्डरों का संभागीय साधिकार समिति ने अनुमोदन किया है। इसमें मोबाइल एप से लेकर तमाम टेण्डर शामिल हैं।

24 फरवरी के बाद अब हुई बैठक

सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बार संभागीय साधिकार समिति की बैठक 24 फरवरी को आयोजित की गई थी। भोपाल में मुख्य सचिव ने 28 फरवरी को बैठक ली थी।

इन प्रस्तावों पर भी मंथन

गंभीर डेम से जल प्रदाय योजना पर चर्चा की गई। इसके लिये पीएचई ने 10 करोड़ 30 लाख रूपये की लागत बताई है। वन विभाग के लकड़ी भण्डारण हेतु भूमि आवंटन का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया। मध्य प्रदेश प्रदूषण बोर्ड द्वारा जल गुणवत्ता मॉनीटरिंग स्टेशन के सम्बन्ध में प्रस्ताव पर पीएचई से समन्वय के निर्देश दिये गये। सिंहस्थ के लिये नेवीगेशन एप्लीकेशन और मोबाइल एप के टेण्डर की प्रयिा पर मेला कार्यालय द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके लिये समिति बनाने के निर्देश दिये गये। क्षिप्रा के घाटों पर 900  एलईडी लगाने का अनुमोदन दिया गया। सिंहस्थ के सरकारी अमले के प्रशिक्षण पर कलेक्टर को व्यवस्थित कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिये गये।

ये थे बैठक में

सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू, संभागायुक्त डॉ. रविन्द्र पस्तौर, कलेक्टर कविन्द्र कियावत, पुलिस अधीक्षक एम.एस. वर्मा, मेला अधिकारी अविनाश लवानिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

प्रचार-प्रेस उप समिति की बैठक हुई

सिंहस्थ-2016 के स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार हेतु वाल पेंटिंग, निबंध, तात्कालिक भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता, विद्वतजनों की कार्यशाला तथा साहित्य का प्रकाशन किया जायेगा। इस आशय का निर्णय आज प्रचार-प्रेस उप समिति की मेला कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष दिवाकर नातू ने की। बैठक में बाहर से आने वाले प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों के मार्गदर्शन के लिये मोबाइल एप निर्माण करने पर चर्चा की गई। इस एप के निर्माण से स्थानीय सन्दर्भ एवं पास व्यवस्था की प्रक्रिया में आसानी होगी। चर्चा उपरान्त इस कार्य को आगे बढ़ाने की सहमति व्यक्त की गई। सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष ने साथ ही निर्देश दिये कि स्थानीय मीडियाकर्मियों की एक कार्यशाला भी सिंहस्थ को लेकर की जाना चाहिये, जिससे स्थानीय मीडिया जिसको कि होस्ट के रूप में काम करना है बाहर से आने वाले मीडियाकर्मियों के मध्य समन्वय स्थापित हो सके। साथ ही नासिक के सिंहस्थ में उजैन के सिंहस्थ मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने व ब्राण्डिंग करने के लिये भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये गये।
जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से न्यूयार्क में आयोजित फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिंहस्थ का आमंत्रण भी दिया गया है। जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से सिंहस्थ-2016 की वेब साइट तैयार कर ऑन लाईन कर दी गई है व फेसबुक और टि्वटर के माध्यम से प्रचार-प्रसार प्रारम्भ हो चुका है।

प्रायवेट एफ.एम.चैनल पर प्रचार होगा

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रायवेट एफ.एम.चैनल्स पर सिंहस्थ सम्बन्धी प्रचार के लिये सामग्री का निर्माण एवं सामग्री के प्रसारण की व्यवस्था शीघ्र की जाये। देश के प्रमुख नगरों एवं प्रदेशों की राजधानी में मीडिया उन्मुखीकरण कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन करने पर भी बैठक में सहमति व्यक्त की गई। इसी तरह दत्त अखाड़ा एवं मंगलनाथ झोन में बनने वाले मीडिया सेन्टर के साथ स्वीस कॉटेज व डॉरमेट्री की व्यवस्था मीडिया सेन्टर बनाते समय की जाये, जिससे कि पत्रकारों को आवास की सुविधा मेला क्षेत्र में मिल सके।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds