July 1, 2024

दो नन्हे बच्चों को जहर खिलाकर फांसी पर लटकी मां,बेटे और मां की मौत,बेटी अस्पताल में

रतलाम,16 फरवरी (इ खबरटुडे)। जिले के सैलाना उपखण्ड में दिल दहला देने वाला घटनाक्रम सामने आया,जिसमें एक मां ने अपने दो नन्हे बच्चों को जहर देकर खुद फांसी लगा ली। जहर के प्रभाव से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई,जबकि पांच वर्षीय बालिका बच गई। उसका चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सरवन पुलिस थानान्तर्गत ग्राम जानपालिया में लालीबाई पति अंकित मुनिया २३ ने बीती रात किसी समय अपने तीन वर्षीय पुत्र रविराज और पांच वर्षीय पुत्री कल्पना को जहर खिला दिया और इसके बाद खुद फांसी लगा ली। घटना तब जानकारी में आई,जब रविवार सुबह जहर का असर कम होने से पांच वर्षीय बालिका कल्पना की नींद खुल गई। उसने अपनी मां को फांसी पर लटकते देखा,तो बाहर निकल कर अपने परदादा वीरजी मुनिया को बताया। वीरजी ने घर के भीतर जाकर देखा तो लालीबाई और रविराज की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृत लालीबाई और रविराज के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम जिला चिकित्सालय भिजवाया,जबकि कल्पना को उपचार के लिए सैलाना के शासकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस के अनुसार लालीबाई का विवाह अंकित मुनिया से छ: वर्ष पूर्व हुआ था। मृतका लालीबाई के पिता खेमराज के मुताबिक अंकित शराब का आदी था और शराब पीकर लालीबाई से मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर लालीबाई ने यह कदम उठाया है। सरवन पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

You may have missed