May 20, 2024

देश में कोरोना का कहर: शनिवार को एक दिन में सबसे अधिक 2564 नए केस, 99 मौत

नई दिल्ली,03मई (इ खबर टुडे)। लगातार सख्ती बरतने के बाद भी भारत में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को वायरस के 2564 नए पॉजिटिव मामले सामने आए और 99 लोगों ने दम तोड़ दिया। देश में यह किसी एक दिन में कोरोना वायरस के अब तक के सबसे अधिक केस हैं। इसके साथ ही देश में इस जानलेवा वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या 1320 हो गई है।

कोरोना वायरस के 2564 केस शनिवार को देशभर से दर्ज हुए, जिसने महज एक दिन पहले के ही 2333 केसों के रेकॉर्ड को तोड़ दिया। भारत में इस वायरस के संक्रमण के बाद से ऐसा पहली बार है कि एक दिन में मरीजों की संख्या 2500 के पार हुई है। इसके साथ ही भारत में Covid-19 के मामले 40 हजार के आंकड़े से महज 211 ही कम रह गए हैं। 10 हजार मरीज इससे अभी तक स्वस्थ हो चुके हैं।

दिल्ली में शनिवार को 384 नए पॉजिटिव केस दर्ज किए गए, जो कि राजधानी में अभी तक की सबसे अधिक संख्या है। वहीं महाराष्ट्र में 790 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही गुजरात में 333, तमिलनाडु में 231, पंजाब में 187, उत्तर प्रदेश में 159, पश्चिम बंगाल में 127, राजस्थान में 106 नए केस सामने आए।

कोरोना वायरस की वजह से शनिवार को 99 लोगों ने अंतिम सांस ली। इसमें 36 लोगों की मौत महाराष्ट्र और उसमें भी 27 अकेले मुंबई से ही रिपोर्ट हुई। वहीं दिल्ली में 3 लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 64 हो गई है। वहीं गुजरात में 26, पश्चिम बंगाल में 15, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 6-6, कर्नाटक में 3 और यूपी, तेलंगाना, बिहार और हरियाणा में 1-1 लोगों की मौत हुई।

बिहार में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 5 नए केस के साथ ही कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 481 हो गई है। यहां अभी तक 4 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 62 नए मामलों के साथ कोरोना संक्रमित मामले 1525 तक पहुंच गए हैं। ओडिशा में 8 नए केस के साथ राज्य में अब 157 मरीज हो गए हैं।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds