May 16, 2024

जावरा में निर्दलीय दसेडा ने हराया भाजपा को

ताल और बडावदा जीती भाजपा ने,आलोट पर कांग्रेस का कब्जा

रतलाम,7 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। जिले की एकमात्र नगर पालिका जावरा के चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पडी है। चुनाव के दिन जेल में बन्द निर्दलीय अनिल दसेडा को मतदाताओं ने जावरा नपा का अध्यक्ष निर्वाचित कर लिया है। उन्होने भाजपा को 3614 मतों से हराया।  जिले की बडावदा और ताल नगर परिषद पर भाजपा को जीत मिली है,जबकि आलोट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है।
अधिकृत जानकारी के अनुसार जावरा नगर पालिका के अध्यक्ष व पार्षदों के चुनाव में मतदाताओं ने निर्दलीय अनिल दसेडा के पक्ष में मतदान किया है। अंतिम परिणामों के मुताबिक निर्दलीय अनिल दसेडा को कुल 13212 मत प्राप्त हुए जबकि उनके निकतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी अभय कोठारी को मात्र 9598 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी सुशील कोचट्टा को 9201 मत प्राप्त हुए है। उल्लेखनीय है कि मतदान के ठीक एक दिन पहले अनिल दसेडा को पुलिस के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मतदान के दिन श्री दसेडा जेल में बन्द थे। लेकिन मतदाताओं ने उन्ही के पक्ष में फैसला सुनाया। नगर पालिका के तीस वार्डों में से 16 पर जीत हासिल कर भाजपा ने बहुमत अर्जित किया है। जबकि कांग्रेस को 10 और चार पर निर्दलीयों को सफलता मिली है।
बडावदा नगर परिषद में भाजपा की सुनीता मेहता चुनाव जीत गई है। बडावदा में भाजपा की ही परिषद बनी है। पन्द्रह में से 13 वार्डों में भाजपा जीती है जबकि कांग्रेस सिर्फ दो वार्डों में जीत पाई।  ताल नगर परिषद में भी भाजपा को ही सफलता मिली। भाजपा की श्वेता पितलिया यहां अध्यक्ष चुनी गई है और ग्यारह वार्डों में भाजपा के पार्षद जीते है। दो वार्डों में कांग्रेस और दो में निर्दलीय प्रत्याशी जीते है। जबकि आलोट में कांग्रेस ने सफलता प्राप्त की है। कांग्रेस की विष्णुकुंवर नगर परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। यहां परिषद में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। भजपा को 7 वार्डों में सफलता मिली है,जबकि 6 वार्डों में कांग्रेस जीती है। दो वार्डो में निर्दलीय प्रत्याशी जीते है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds