May 13, 2024

जावरा के निर्दलीय प्रत्याशी अनिल दसेडा गिरफ्तार

पुलिसकर्र्मी के साथ मारपीट का आरोप

रतलाम,1 दिसम्बर(इ खबरटुडे)। जिले की जावरा नगर पालिका के चुनाव में निर्दलीय रुप से चुनाव लड रहे अनिल दसेडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दसेडा पर पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस थाने पर दसेडा के विवाद  के दौरान पुलिस ने हलका बल प्रयोग भी किया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जावरा शहर थाने पर निर्दलीय प्रत्याशी अनिल दसेडा के पक्ष में प्रचार कर रहे राजेश दसेडा नामक व्यक्ति को लाया गया था। पुलिस के अनुसार यह व्यक्ति नल के चुनाव चिन्ह वाली पर्चियां बांट रहा था,जबकि चुनाव प्रचार बन्द होने के बाद इस तरह प्रचार नहीं किया जा सकता। शाम करीब छ: बजे निर्दलीय प्रत्याशी अनिल दसेडा अपने कार्यकर्ता को छुडाने के लिए शहर पुलिस थाने पर पंहुचे। थाने पर मौजूद उपनिरीक्षक शिवांश मालवीय से दसेडा का विवाद हुआ और दसेडा ने मालवीय के साथ मारपीट की। दसेडा के साथ आए कार्यकर्ता भी पुलिस के साथ झूमाझटकी करने लगे। विवाद को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हलका बल प्रयोग किया। तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई।
पुलिस ने अनिल दसेडा को हिरासत में ले लिया है। उनके विरुध्द शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। इस मामले में उन्हे जेल जाना पड सकता है।
उल्लेखनीय है कि जावरा नगर पालिका के चुनाव में कल मतदान होना है। अनिल दसेडा भाजपा से बगावत करके निर्दलीय तौर पर अध्यक्ष का चुनाव लड रहे है। पुलिस से हुए विवाद के बाद उनकी गिरफ्तारी हो गई है। गैरजमानती धाराओं में गिरफ्तारी के चलते वे मतदान के समय मौजूद नहीं रह पाएंगे और इससे उनकी स्थिति पर बुरा प्रभाव पडना तय है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds