April 29, 2024

कांग्रेस विहीन हुई केन्द्रीय जिला सहकारी बैंक

डायरेक्टर के एक मात्र पद के लिए हुए चुनाव में चौटाला को मिली जीत
अब अध्यक्ष पद को लेकर होगा घमासान

रतलाम,24 सितम्बर (इ खबरटुडे)। केन्द्रीय जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद के लिए हुए प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में भाजपा के अशोक चौटाला ने जीत दर्ज करा दी है। इसी के साथ बैंक पूरी तरह कांग्रेस विहीन हो गई है। बैंक के पन्द्रह डायरेक्टर्स में से तेरह पदों पर भाजपा की जीत के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए घमासान होना तय है।
केन्द्रीय जिला सहकारी बैंक के कुल पन्द्रह डायरेक्टर्स में से बारह डायरेक्टर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे और बाजना क्षेत्र के दो पदो पर निर्वाचन की बजाय नियुक्ति होना है। अन्य वर्ग समूह में से केवल एक पद के लिए चुनाव होना थे। अन्य वर्ग समूह में भाजपा से अशोक चौटाला मैदान में थे जबकि कांग्रेस की ओर से शांतिलाल वर्मा चुनाव में थे। इस समूह के मतदाताओं की संख्या 97 थी। समूह के डायरेक्टर पद का चुनाव आज होटल बालाजी सेन्ट्रल में कडी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। मतदान के तत्काल बाद हुई मतगणना के अनुसार भाजपा समर्थित अशोक चौटाला को कुल 64 मत प्राप्त हुए जबकि शांतिलाल वर्मा को मात्र 26 मत मिले। एक मत निरस्त हो गया। इस तरह चौटाला 38 वोट से यह प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव जीत गए। इस चुनाव से सीधे सीधे नगर विधायक की प्रतिष्ठा जुडी थी। परिणाम घोषित होते ही जश्न का माहौल बन गया और भाजपा के नेताओं ने एक वाहन रैली भी निकाली।
इस चुनाव परिणाम के बाद अब केन्द्रीय जिला सहकारी बैंक पूरी तरह कांग्रेस विहीन हो गई है। बेंक के पन्द्रह डायरेक्टर्स में से कांग्रेस का एक भी नहीं है।

अध्यक्ष पद के लिए घमासान

बैंक के डायरेक्टर पदों के निर्वाचन के बाद अब अध्यक्ष पद  के लिए जमकर घमासान होना तय है। निर्वाचित हुए तेरह डायरेक्टर्स में कई दिग्गज नेता है जो स्वयं को अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक उपयुक्त मान रहे है। ये सभी नेता अध्यक्ष पद की दौड में शामिल है और जोड तोड व लाबिंग में जुट गए है। चुन कर आए डायरेक्टर्स में भेरुलाल पाटीदार,राजेन्द्र राठौड,राजेन्द्र सिंह लुनेरा,अशोक चौटाला ऐसे कई नाम है जो अध्यक्ष पद के दावेदार है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष पद का मनोनयन संगठन के द्वारा किया जाएगा। नगर विधायक चैतन्य काश्यप का खास माने जाने वाले अशोक चौटाला के चुनाव जीत जाने के बाद अब उनके अध्यक्ष बनने की संभावनाएं सबसे अधिक है। अंदरुनी सूत्रों के मुताबिक नगर विधायक किसी भी प्रकार चौटाला को अध्यक्ष पद पर लाना चाहते है। दूसरी ओर वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी के समर्थक राजेन्द्र राठौड व भेरुलाल पाटीदार जैसे नेता भी है जो अध्यक्ष पद हथियाने के लिए रतलाम भोपाल एक करने के लिए तैयार है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds