May 18, 2024

कर्नाटकः अमित शाह बोले- विकास और हिन्दुत्व के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

मैसूर,31 मार्च(इ खबरटुडे)। कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों प्रदेश के दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा प्रदेश के भीतर विकास और हिन्दुत्व के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अमित शाह कर्नाटक जागृति यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा के दौरान शाह उन इलाकों का दौरा कर रहे हैं जहां भाजपा की पकड़ मजबूत नहीं है।

मैसूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा मजबूत स्थिति में है और बिना किसी पार्टी के गठबंधन में सरकार बनाएगी। शाह ने कांग्रेस के साथ जेडीएस को घेरते हुए आरोप लगाया कि पर्दे के पीछे दोनों पार्टियों ने हाथ मिला लिया है। आप जेडीएस को वोट देंगे, तो वह कांग्रेस के खाते में ही गिना जाएगा।

कांग्रेस पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि पूरे कर्नाटक के जिस भी हिस्से में हम गए वहां सिद्धारमैया सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी दिखाई दी। विकास के सभी पैमानों पर सिद्धारमैया सरकार फेल है। स्वास्थ सेवाएं बदहाल हैं, बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

लिंगायत समुदाय को अलग धर्म बनाए जाने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि यह कांग्रेस का राजनीतिक हथकंडा है। अपनी बात को दोहराते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस 5 साल सत्ता में रही लेकिन चुनाव से ठीक पहले इसका ऐलान राजनीतिक फायदा उठाने के लिए किया गया। कांग्रेस नहीं चाहती कि लिंगायत समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बीएस येदियुरप्पा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने।

विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के फैसले पर उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों को चुना जाएगा। प्रदेश कमेटी नामों का चयन करके संसदीय कमेटी को भेजेगी, जांच पड़ताल के बाद उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds