May 17, 2024

ऐतिहासिक राजवाड़ा में ‘ध्वनि एवं प्रकाश’ कार्यक्रम की शुरुआत आज

लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे शुभारंभ
 
इंदौर,24 जनवरी(इ खबरटुडे)।इंदौरवासियों को सोमवार 25 जनवरी से एक और अनूठी सौगात मिलने जा रही है। शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक राजवाड़ा में ‘ध्वनि एवं प्रकाश” व्यवस्था (Light & Sound System) की शुरुआत होगी।

कार्यक्रम को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज दी
 सोमवार की शाम 6.30 बजे राजवाड़ा में शुरु हो रहे लगभग 45 मिनट के इस कार्यक्रम में आम लोगों और पर्यटकों को इन्दौर के इतिहास और सांस्कृतिक वैभव की गाथा सुनने-देखने को मिल सकेगी। इस कार्यक्रम को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज दी है। इससे कार्यक्रम की प्रस्तुति और भी प्रभावी बन गई है।
 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समारोह की अध्यक्षता करेंगे
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन होंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि होलकर राजवंश से जुड़ा राजवाड़ा इन्दौर की शान और पहचान है। राज्य सरकार इस ऐतिहासिक और पुरातत्व महत्व की धरोहर की सुरक्षा और संरक्षण के लिये निरंतर काम कर रही है।
ध्वनि-प्रकाश (Light & Sound System) के इस कार्यक्रम से दर्शक और पर्यटक तो शहर के इतिहास से परिचित होंगे ही, युवा वर्ग को भी अपने शहर को जानने-समझने का मौका मिल सकेगा। इस दृष्टि से इसे रोचक बनाया गया है। ध्वनि एवं प्रकाश का यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा तैयार करवाया गया है। इस पर लगभग 2 करोड़ रुपये व्यय किये गये हैं। रोजाना शाम 6:45 बजे से हिन्दी और 7:45 बजे से अंग्रेजी में इसे देखा जा सकेगा।
इन्दौर की शाम इतनी सुहानी होती है कि इसे शब-ए-मालवा कहा जाता है। यह सुखद संयोग है कि कार्यक्रम का शुभारंभ भी इन्दौर में शाम के समय होने जा रहा है। इन्दौर के लोगों को इसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा रही है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds