May 4, 2024

उपचुनाव में भाजपा को झटका

वार्ड क्र. 32 में भाजपा प्रत्याशी तीसरे क्रम पर पिछड़ा

उज्जैन,13 जून(इ खबरटुडे)। नगर निगम उज्जैन के वार्ड क्र. 32 की रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को झटका लगा है। इसे स्थानीय सरकार से नाराजगी के पहले परिणाम के रुप में भी आंका जा रहा है। उपचुनाव के परिणाम से भाजपा की धड़कन आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर बढ़ना तय है। यहां उपचुनाव में कांग्रेस के अर्जुन यादव ने जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी तीसरे क्रम पर रहे हैं।
नगर निगम उपचुनाव में वार्ड क्र. 32 के पार्षद के लिये दो दिन पूर्व मतदान हुआ था। इस मतदान में कुल 3306 मतदाताओं ने हिस्सेदारी की थी। गुरुवार को तहसील कार्यालय प्रांगण में मतगणना की गई। मतगणना के तीन राउंड में पूर्व पार्षद एवं प्रतिपक्ष नेता स्व. प्रेमकुमार यादव गप्पू भय्या के पुत्र और इंडियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन प्रेमकुमार यादव ने निर्दलीय इस्माईल इमाम बख्श को पराजित किया। अर्जुन को 1495 मत प्राप्त हुए। उनके विरोधी निर्दलीय को 903 एवं भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर चंदू पहलवान को 866 मत ही मिल सके। एक अन्य प्रत्याशी शाकिर खान बाबा निर्दलीय को मात्र 1 मत प्राप्त हुआ है। इस वार्ड में कुल मतदाताओं की संख्या 5765 थी। डाले गये मतों की कुल संख्या 3306 रही। अविधिमान्य मतों की कुल संख्या 41 रही। निविदत्त मतों की कुल संख्या 4 रही है। इस प्रकार रिटर्निंग अधिकारी ने अर्जुन प्रेमकुमार यादव को सम्यक रुप से निर्वाचित घोषित किया।

कांग्रेस को छोटी खुशी मिली

प्रत्याशी अर्जुन यादव को विजयी घोषित किये जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोठी से उनका जुलूस निकाला। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। शुरुआती दौर से ही यादव मतगणना में आगे चल रहे थे, जिसके तहत घोषणा अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बांछें खिल गई। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार का मुंह देखने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे पर रौनक छाई हुई थी।

नाराजगी का पहला परिणाम

मतगणना स्थल तहसील कार्यालय के बाहर यह चर्चा आम रही कि स्थानीय सरकार से नाराजगी को लेकर यह पहला परिणाम सामने आ रहा है। इन चर्चाओं के दौर में भाजपा की धड़कन बढ़ना तय माना जा रहा है। यह भी चर्चा रही कि कांग्रेस प्रत्याशी को संवेदना का वोट हासिल हुआ है। इसी कारण से उपचुनाव में भाजपा को नीचा देखना पड़ा। नगर निगम चुनाव में इसके उलट स्थिति सामने आ सकती है।

वार्ड में यादव परिवार की पैठ

चुनाव परिणाम के बाद समीक्षाओं के दौर शुरु हो गये। कोठी पर चली चर्चाओं में समीक्षात्मक रुप से बताया गया कि इस वार्ड में कांग्रेस का वर्चस्व रहा है। पिछले चुनाव में प्रेमकुमार यादव गप्पू भय्या ने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में विजयश्री वरण की थी। इस प्रकार से यादव परिवार का वार्ड में खासा व्यक्तित्व और व्यवहार है। इसी के चलते यादव परिवार ने एक बार फिर से यहां जीत हासिल की है। मुस्लिम बाहुल्य वार्ड होने के बावजूद कांग्रेस ने अर्जुन यादव को प्रत्याशी बनाया था। यहां तक कि पूर्व पार्षद के पति इस्माईल शेख निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में सामने आये थे और चुनाव मैदान में शाकिर खान ने उन्हें समर्थन दिया था। इस पर भी यादव ने जीत हासिल की है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds