May 11, 2024

उपचुनाव में जीत सुनिश्चित, कार्यकर्ता तत्परता से जुटे: श्री मेनन

भाजपा जिला इकाई संगठन की बैठक आयोजित

रतलाम 21 सितम्बर (इ खबरटुडे)। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की संगठनात्मक बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने कहा कि आज संपूर्ण देश में माहौल भाजपा के पक्ष में है। अभी तक म.प्र. में संपन्न 10 विभिन्न चुनावों में भाजपा ने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम एवं जनता के आशीर्वाद से विजय हासिल की है। रतलाम संसदीय क्षेत्र के लोकसभा उपचुनाव में भी भाजपा की विजय सुनिश्चित है। कार्यकर्ता पार्टी के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में तत्परता से चुनाव कार्य में जुट जाए।

रंगोली परिसर में आयोजित बैठक में लोकसभा उपचुनाव प्रभारी विजय दुबे, संगठन चुनाव प्रभारी व विधायक जगदीश देवड़ा, रतलाम जिला प्रभारी मदनलाल राठौर, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, सांसद सुधीर गुप्ता, जिले के विधायकगण डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, श्रीमती संगीता चारेल, जितेन्द्र गेहलोत चेतन्य काश्यप तथा मथुरालाल डामर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमेश मईड़ा, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल सहित वरिष्ठजन मंचासीन थे।

बैठक में श्री मेनन ने कहा कि दिवंगत सांसद दिलीपसिंह भूरिया ने अपना सम्पूर्ण जीवन जनजाति समाज के लिए समर्पित किया, वे ईमानदारी की प्रतिमूर्ति थे। आजादी के बाद रतलाम संसदीय सीट को हमने पहली बार सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से जीता था। यही इतिहास हम एक बड़े लक्ष्य के साथ फिर से दोहराएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार आधारित दल है। इसके देवदुर्लभ कार्यकर्ता समाजसेवा का उद्देश्य लेकर विनम्रतापूर्वक कार्य करते हैं। इसी सेवाभाव से कार्यकर्ता रतलाम संसदीय क्षेत्र के आगामी लोकसभा उपचुनाव में मतदाताओं के बीच केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएंगे। उपचुनाव में हमारी जीत सुनिश्चित है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक तत्परता से जुट जाएं। श्री मेनन ने 25 सितम्बर पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती से 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री जयंती तक विभिन्न कार्यक्रमों को संचालित करने का मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष व विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि आगामी लोकसभा उपचुनाव हमारे लिए बड़ी चुनौती है। संसदीय क्षेत्र में डेढ़ वर्ष में अभूतपूर्व विकास कार्य आरंभ हुए है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उन सभी कार्यों को रतलाम जिले में आकर गति दी है। उनके द्वारा की गई घोषणाएं धरातल पर साकार रूप ले रही है। अब आवश्यकता इस बात की है, कि कार्यकर्ता इन कार्यो को जनता के बीच लेकर जाए। रतलाम जिले से हम एक बड़ी जीत दर्ज करवाते हुए इतिहास बनाएंगे। वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी ने कहा कि कार्यकर्ता वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में चुनावी कार्य में जुट जाएं।

आरंभ में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर अतिथिगण ने माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथिगण का स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता ईश्वरलाल पाटीदार, कन्हैयालाल मौर्य, प्रहलाद पोरवाल, जिला महामंत्री भेरूलाल पाटीदार आदि मंचासीन थे। संचालन जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय एवं आभार महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने माना। बैठक में जिला पदाधिकारी, जिला कार्य समिति सदस्य, मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री, जिले में निवासरत प्रदेश कार्यसमिति भाजपा सदस्य, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ जिला संयोजक, मण्डी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष आदि शामिल हुए।

विधानसभावार बैठकें ली – जिला इकाई बैठक के बाद संसदीय क्षेत्र में शामिल रतलाम शहर विधानसभा कार्यकर्ताओं की बैठक श्री मेनन की मुख्य उपस्थिति में चेतन्य काश्यप, मदनलाल राठौर, हिम्मत कोठारी आदि ने ली। जबकि रतलाम ग्रामीण की बैठक सांसद सुधीर गुप्ता, विधायकगण मथुरालाल डामर, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, डॉ. तेजबहादुर सिंह तथा सैलाना की बैठक चुनाव प्रभारी विजय दुबे, जगदीश देवड़ा व विधायक श्रीमती संगीता चारेल ने ली। बैठकों में चुनावी तैयारियों पर मार्गदर्शन दिया गया। इसके बाद निर्वाचन संबंधी बैठक में मंडलवार दायित्व सौंपे गए। यह जानकारी जिला प्रवक्ता बाबुलाल कर्णधार एवं कार्यालय मंत्री राकेश मिश्रा ने दी।

 

 

 

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds