September 23, 2024

उपचुनाव के नतीजे आज, सभी की नजरें यूपी पर

नई दिल्ली,14 मार्च (इ खबरटुडे)। उत्तर प्रदेश की दो व बिहार की एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज बुधवार को आ जाएंगे। बिहार की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के भी नजीजे घोषित होंगे। उप्र की गोरखपुर व फूलपुर लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

सबसे पहले बैलेट वोट गिने जाएंगे, इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। दोपहर 12 बजे तक दोनों सीटों के नतीजे आने की उम्मीद है। गोरखपुर लोकसभा सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है। जबकि, इलाहाबाद की फूलपुर सीट उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है। इन दोनों सीटों पर 11 मार्च को उपचुनाव हुए थे।

गोरखपुर में 43 प्रतिशत व फूलपुर में 37.39 फीसद वोट पड़े थे। भाजपा के लिए यह दोनों ही सीटें प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं। बुधवार को इन दोनों सीटों के परिणाम आ जाएंगे। वहीं आयोग ने उप चुनाव वाली बिहार की तीनों सीट पर भी मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है।

आयोग के निर्देश पर अररिया, जहानाबाद और भभुआ में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। भभुआ और जहानाबाद विस सीट के लिए 10 बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है। जबकि 12 बजे तक अररिया लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आ जाएगा।

You may have missed