May 22, 2024

आलोट में सिध्दू की सभा के दौरान भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद,पथराव,लाठियां चली,पुलिस थाने पर भाजपा का धरना

रतलाम,11 मई (इ खबरटुडे)। उज्जैन संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिले के आलोट में आज दोपहर कांग्रेस की जनसभा के दौरान भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद में जमकर लाठियां चली और पथराव भी हुआ। इस मामले में दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर दोषारोपण कर रहे है।
प्रतयक्षदर्शियों के अनुसार,आलोट के विक्रम क्लब मैदान पर सुबह साढे दस बजे कांग्रेस द्वारा स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिध्दू की सभा आयोजित की गई थी। सिध्दू को देखने आए लोग करीब दो ढाई घंटे तक इंतजार करते रहे,लेकिन बाद में पता चला कि सिध्दू का कार्यक्रम निरस्त हो गया है।

इसी दौरान सभास्थल पर पंहुचे कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लाठियों से हमला कर दिया गया। इसके बाद पथराव भी हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभास्थल पर मौजूद पुलिस मूक दर्शक बनकर सब कुछ देखती रही। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट में भाजपा के कुछ कार्यकर्ता घायल भी हो गए. करीब आधे घंटे चले विवाद के बाद पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को पकड कर थाने ले गई।

इस मामले में दोनो ही पार्टियों के नेताओं के अलग अलग कथन है। कांग्रेस नेता जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह सोलंकी का कहना है कि भाजपा के लोग हाथों में काले झंडे लेकर सभा के बीच में चले आए और नारेबाजी करने लगे। अगर उन्हे विरोध प्रदर्शन करना था,तो रास्ते में कहीं कर सकते थे,लेकिन सभास्थल पर पंहुचकर नारेबाजी करने से कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होने भाजपाईयों को वहां से खदेड दिया। सोंलकी के मुताबिक पुलिस उनके विरुध्द कार्यवाही कर रही है। विधायक मनोज चावला के मुताबिक भाजपा नेताओ की हरकत के कारण कांग्रेस के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।

इसके विपरित भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक प्रहलाद सिंह परिहार ने कहा कि सभास्थल के समीप ही भाजपा नेता जनपद अध्यक्ष कालूसिंह परिहार की दुकान है,जहां कुछ भाजपा कार्यकर्ता बैठे थे। अटानक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वहां पंहुचकर बेवजह भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठियों से भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की और बाद में कालूसिंह परिहार की दुकान पर पथराव भी किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हमले में भाजपा के राहूल कुंवाडियां,मुकेश दवे,अर्जुनसिंह सिसौदिया समेत करीब एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जब भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हो रहा था,तब थाना प्रभारी दुष्यन्त जोशी समेत कई पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे,लेकिन उन्होने इस घटना को रोकने की कोशिश नहीं की। भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई के बाद कांग्रेस के दबाव में पुलिस ने भाजपा के ही कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए है और उन्हे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके विरोध में भाजपा द्वारा थाने में धरना दिया जा रहा है। भाजपा नेताओ ने कहा की इस पूरी घटना की शिकायत चुनाव आयोग को की जाएगी।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds