September 30, 2024

रतलाम की दीनदयाल रसोई गरीबों के भोजन का आसरा बनी

प्रतिदिन ढाई सौ से तीन सौ गरीब करते हैं 5 रुपए में भरपेट भोजन

रतलाम,01जून(इ खबरटुडे)।रतलाम के शास्त्री नगर क्षेत्र में राज्य शासन की दीनदयाल रसोई योजना के तहत स्थापित रसोई केन्द्र शहर के गरीब व्यक्तियों के भोजन का आसरा बन गया है। यहां लगभग ढाई सौ से तीन सौ गरीब व्यक्ति प्रतिदिन 5 रुपये में भरपेट भोजन प्राप्त करते हैं। इनमें 70-80 व्यक्ति ऐसे हैं जो प्रतिदिन यहीं आकर खाना खाते हैं।विगत अप्रैल 2017 में दीनदयाल रसोई की रतलाम में स्थापना की गई थी। तब से शहर के गरीबों के भोजन की चिंता मिट गई। केन्द्र के संचालन का दायित्व शहर की सांई सेवा समिति को सौपा गया है। समिति इसके सुचारू संचालन का जिम्मा बखूबी निभा रही है। समिति के श्री मनोहर पोरवाल ने बताया कि दीनदयाल रसोई केन्द्र पर शुरूआत से लेकर अब तक 90 हजार से ज्यादा गरीब व्यक्ति भोजन ले चुके हैं। मानव सेवा का सिलसिला निरंतर जारी है। श्री पोरवाल ने बताया कि शहर के निराश्रित, पन्नी बिनने वाले, गरीब मजदूर आदि यहां पर प्रतिदिन भोजन प्राप्त करते हैं।
दीनदयाल रसोई केन्द्र को शासकीय उचित मूल्य की दुकान से गेहूं, चांवल, नमक मुहैया कराया जाता है। भोजन बनाने का कार्य 8 व्यक्तियों द्वारा किया जाता हैं। भोजन के लिए आने वाले व्यक्तियों को हफ्ते में चार बार दाल-चावल, सब्जी-रोटी तथा हफ्ते में तीन बार कड़ी चावल रोटी परोसी जाती है। खाने की गुणवत्ता भी अच्छी होती है। केन्द्र पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भोजन उपलब्ध रहता है। रसोई केन्द्र पर प्रतिदिन आने वाले 58 वर्षीय मानसिंह कहते हैं कि वे इंदौर से रतलाम आए थे। रतलाम में उनका परिवार नहीं है, वे मंदिर परिसर में रहते हैं। खाना दीनदयाल रसोई केन्द्र पर आकर खा लेते हैं। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि मात्र 5 रुपए में उनके जैसे कई गरीब व्यक्तियों के लिए भोजन का आसरा बन गया है।

कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने भी भोजन किया
शुक्रवार 1 जून को दीनदयाल रसोई केन्द्र के निरीक्षण के लिए महापौर डॉ. सुनीता यार्दे एवं कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान पहुंची। कलेक्टर ने भी यहां दोपहर का भोजन किया, खाने की गुणवत्ता की सराहनी की उनके साथ निगमायुक्त एस.के. सिंह तथा सांई सेवा समिति के मनोहर पोरवाल एवं जनक नांगल ने भी भोजन किया। केन्द्र के लिए नगर निगम से नियुक्त केन्द्र प्रभारी नितिन तिवारी भी उपस्थित थे।

दीनदयाल रसोई केन्द्र के लिए रोटी मशीन क्रय की जाएगी
निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने कलेक्टर कक्ष में एक बैठक आयोजित कर दीनदयाल रसोई केन्द्र के सुव्यवस्थित संचालन के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर ने निगमायुक्त को निर्देश दिए कि रसोई केन्द्र के लिए निगम के अधोसंरचना मद से रोटी बनाने की मशीन खरीद कर उपलब्ध करवाए। भोजन बनाने के लिए रसोई गैस सिलेण्डरों की व्यवस्था के निर्देश जिला खाद्य अधिकारी विवेक सक्सेना को दिए। केन्द्र के संचालन पर होने वाले खर्च की पूर्ति के लिए जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक अमरसिंह मोरे को निर्देशित किया कि बड़ी फैक्ट्रियों के सीएसआर मद से राशि मुहैया करवाई जाए। बैठक में महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, सांई सेवा समिति के श्री मनोहर पोरवाल, जनक नांगल, सहायक कलेक्टर राहुल धोटे भी उपस्थित थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds