September 29, 2024

महाकाल दर्शन के लिए उज्‍जैन में पहली बार 4 किमी लंबी कतार

उज्जैन,21 फरवरी(इ खबर टुडे)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर गुरुवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। करीब 2 लाख भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। सुबह के समय पहली बार दर्शनार्थियों की कतार चार किलोमीटर लंबी थी। हरसिद्धि चौराहा, चौबीस खंबा, गुदरी चौराहा, गोपाल मंदिर होते हुए भक्तों की कतार छत्रीचौक तक पहुंच गई। सुबह के समय भक्तों को दर्शन में करीब 5 घंटे का समय लगा।

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुले। इसके बाद पुजारियों ने भस्मारती की। सुबह 5.30 बजे तक भस्मारती चली। सुबह 6.30 बजे से आम दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान भगवान महाकाल के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का तांता बढ़ता गया और कतार लंबी हो गई।

दोपहर 12 बजे तहसील की ओर से भगवान की शासकीय पूजा हुई। शाम 4 बजे सिंधिया व होलकर राजवंश की ओर से पूजन किया गया। मध्यरात्रि 11 बजे से महानिशाकाल की पूजा शुरू हुई जो रात्रिपर्यंत चलती रही। शुक्रवार तड़के भगवान के शीश सवामन फूल व फलों से बना सेहरा सजाया जाएगा।

नई परंपरा की शुरुआत….शासकीय पूजन के लिए भेंट किए 11 हजार रुपए
मध्य प्रदेश शासन की ओर से महाशिवरात्रि पर नई परंपरा की शुरुआत हुई। प्रभारी मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने दोपहर 12 बजे पूजन सामग्री भेंट कर सरकारी पूजा की शुरुआत कराई। उन्होंने पूजन के लिए सरकार की ओर से 11 हजार रुपए की राशि भेंट की। हालांकि प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार प्रभारी मंत्री ने गर्भगृह के बाहर से भगवान के दर्शन किए। तहसील की ओर से होने वाली सरकारी पूजा अधिकारियों ने ही की।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds