September 28, 2024

malay1रतलाम,23 जुलाई (इ खबरटुडे)। रतलाम के छात्र मलय सोनटक्के का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र (इसरो) द्वारा संचालित इण्डियन इंस्टीट्यूट आफ स्पेस साईंस एण्ड टैक्नालाजी( आई आई एसटी) तिरुअनन्तपुरम में हुआ है। मलय रतलाम के ऐसे पहले छात्र है जिनका चयन इसरो में हुआ है।
उल्लेखनीय है कि मलय सोनटक्के ने कक्षा बारहवी की परीक्षा हिन्दी माध्यम से उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम से उत्तीर्ण की थी और वर्ष 2012 की प्रदेश की प्रावीण्य सूचि में मलय ने 95 प्रतिशत अंक के साथ पांचवा स्थान प्राप्त किया था। मलय की प्रारंभ से ही अंतरिक्ष विज्ञानी बनने की इच्छा थी। कक्षा नौवीं में अध्ययन के दौरान मलय ने इसरो द्वारा आयोजित विज्ञान माडल प्रदर्शनी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। उसी समय इन मेधावी छात्रों को भारत के पूर्व राष्ट्रपति मिसाइल मेन एपीजे अब्दुल कलाम से प्रत्यक्ष भेंट करने का भी अवसर मिला था। तभी से मलय के मन में अतंरिक्ष विज्ञानी बनने की धुन समाई हुई थी।
बारहवीं उत्तीर्ण करने के बाद मलय ने आईआईएसटी को अपना लक्ष्य बनाकर एक वर्ष तक कडी तैयारी की। इसरो द्वारा संचालित आईआईएसटी एशिया में अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित पहला शिक्षण संस्थान है। आईआईएसटी में पूरे देश से प्रतिवर्ष मात्र 156 छात्रों का चयन किया जाता है। चयनित छात्रों में मलय का तेइसवां स्थान था। उल्लेखनीय है कि आईआईएसटी में चयनित छात्रों के अध्ययन की पूरी जिम्मेदारी इसरो तथा भारत के अंतरिक्ष विज्ञान विभाग द्वारा पूरी की जाती है। आईआईएसटी में बी टेक का चार वर्षीय पाठ्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न करने के बाद सफल छात्रों को इसरो में ही कनिष्ठ अंतरिक्ष विज्ञानी(जूनियर साइंटिस्ट) के रुप में नियुक्त किया जाता है। चार वर्ष के अध्ययन के दौरान छात्रों को इसरो के देश भर में फैले हुए विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों पर प्रशिक्षण भी दिलवाया जाता है और इनमें से चयनित कुछ छात्रों को भारत सरकार के व्यय पर विदेशों में भेजा जाता है।
मलय के पिता स्व.पुष्कर सोनटक्के तथा माता प्रतिमा सोनटक्के दोनो ही इंजीनियर है। उनकी माता प्रतिमा सोनटक्के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा में उपयंत्री के पद पर कार्यरत है।
मलय स्कूली पाठ्यक्रम  के अलावा खेल व अन्य गतिविधियों में भी पूरी तरह सक्रीय है। मलय ने एनसीसी में ए सर्टिफिकेट प्राप्त किया है। इसके साथ ही मलय ने कराटे में ब्लैक बेल्ट प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित मोगली उत्सव 2010-11 में मलय ने जिले का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा बालरंग कार्यक्रम में राज्यस्तर पर उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व किया है। नृत्य और तात्कालिक भाषण,बास्केटबाल जैसी गतिविधियों में मलय सक्रीय है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds