September 29, 2024

पूरा अंचल उमड़ पड़ा गेहलोत जी को अंतिम बिदाई देने के लिए,हज़ारो की भीड़ जुटी अंतिम संस्कार में

रतलाम/सैलाना,3 अगस्त (इ खबर टुडे )। सैलाना से सात बार के विधायक रहे प्रभुदयाल गेहलोत की अंतिम यात्रा गुरुवार दोपहर को निकाली गई। अपने जननायक पूर्व मंत्री प्रभूदयाल गेहलोत को अंतिम विदाई देने के लिए गुरूवार को लगभग पूरा अंचल  उमड़ पड़ा।   सैलाना में जुटी हजारो लोगों की भीड़ ने उन्हे नम आंखो से विदाई दी।
श्री गेहलोत की अंतिम यात्रा गुरुवार दोपहर सैलाना स्थित उनके आवास से मुक्तिधाम पंहुची, जहां उनके बेटों राजेश, शेखर और हर्षविजय गेहलोत ने मुखाग्नि दी। अंतिम दर्शनों के लिए सैलाना के साथ आसपास के दर्जनों गांवों, नगर और शहर से भी लोग पंहुचे। राजनेता, समाजसेवी से लेकर आमजन आदिवासियों तक की भीड़ लग गई। जिले सहित अंचल  का लगभग हर दल का राजनेता स्वं गेहलोत को  श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद था। कांग्रेस के  अलावा भाजपा, शिवसेना, जनता दल, के स्थानीय नेतागण भी उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे। मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान की ओर से राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष  हिम्मत कोठारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव व प्रदेश कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष प्रभु राठौड़ ने श्रद्धांजलि दी। श्री गेहलोत के निधन का समाचार मिलते ही सैलाना बंद हो गया। धामनोद, रतलाम, सरवन, रावटी, शिवगढ़, बाजना तक में अधिकांश दुकानें बंद और सड़के वीरान  नजर आई। मुक्तिधाम पर शोकसभा का आयोजन भी हुआ। इस दौरान राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्री कोठारी ने कहा कि श्री गेहलोत का व्यक्तित्व बहुत विशाल था। उनकी सहजता, सह्रदयता को किसी दायरें में बांधा नहीं जा सकता। वो सब के थे और सब उनके थे। अन्य उपस्थितजनों ने भी अपनी श्रध्दाजली अर्पित की। इस दौरान विधायक संगीता चारेल, कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष कान्हसिंह चौहान, कांग्रेस नेता  डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रभु राठौड़, मंडी अध्यक्ष प्रकाश भगौरा, युसूफ कड़पा, श्रेणिक चंडालिया, शैलेंद्र डागा, सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार आदि मौजूद थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds