September 22, 2024

देश भर में पचास लाख सदस्य बनाएगा भारतीय किसान संघ

रतलाम,10 जनवरी (इ खबरटुडे)। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष प्रभाकर केलकर ने कहा है कि भारतीय किसान संघ देशभर में पचास लाख से अधिक किसानों को सदस्य बनाएगा। किसान संघ के सदस्यता अभियान के बाद नई दिल्ली में किसानों का महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा,जिसमें देश भर के एक लाख से अधिक किसान शामिल होंगे।
श्री केलकर ने उक्त जानकारी इस संवाददाता से एक विशेष चर्चा के दौरान दी। वे यहां किसान संघ के सदस्यता अभियान के सम्बन्ध में प्रवास पर आए थे। श्री केलकर ने बताया कि इन दिनों देश के पांच सौ से अधिक जिलों में किसान संघ का सदस्यता अभियान चल रहा है। अब तक दस लाख से अधिक सदस्य बनाए जा चुके है। सदस्यता अभियान फरवरी तक चलेगा और पचास लाख से अधिक किसानों को भारतीय किसान संघ का सदस्य बनाया जाएगा।
श्री केलकर ने बताया कि सदस्यता अभियान के समापन के पश्चात नई दिल्ली में किसानों का महाधिवेशन आयोजित करने की योजना है। इस महाधिवेशन में देशभर से एक लाख से अधिक किसान नई दिल्ली में एकत्रित होकर कृषि और कृषकों के हित में विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श करेंगे।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री केलकर ने बताया कि कतिपय किसान विरोधी तत्व भारतीय किसान संघ के सदस्यता अभियान को लेकर अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे है। कुछ समाचार पत्रों में इस आशय के समाचार प्रकाशित किए गए है कि श्री केलकर को किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री पद से हटा दिया गया है। जबकि वास्तविकता यह है कि श्री केलकर लगातार दो कार्यकाल तक किसान संघ के अ.भा. महामंत्री के पद पर कार्य कर चुके थे। किसान संघ की परंपरा के मुताबिक किसी एक पद पर दो कार्यकाल से अधिक समय तक कोई नहीं रहता। किसान संघ की परंपरा और निजी स्वास्थ्यगत कारणों से श्री केलकर ने स्वयं ही महामंत्री पद से पृथक होने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी तारतम्य में उन्हे महामंत्री पद के दायित्व से मुक्त करते हुए अखिल भारतीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री केलकर ने बताया कि इन दिनों नई दिल्ली में किसान संघ के राष्ट्रीय कार्यालय के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। भारतीय किसान संघ देश का एकमात्र किसान संगठन है जिसके देश भर के प्रमुख नगरों में स्वयं के कार्यालय भवन है। लेकिन अब तक केन्द्रीय कार्यालय का निजी भवन नहीं था। अब केन्द्रीय कार्यालय का निजी भवन करीब तीन करोड की लागत से बनाया जा रहा है। श्री केलकर केन्द्रीय कार्यालय के निर्माण हेतु इन दिनों देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कर रहे है और कार्यालय निर्माण हेतु धनसंग्रह की जिम्मेदारी उन्हे दी गई है। । श्री केलकर ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों जैसे गुजरात,मध्यप्रदेश,राजस्थान,आन्ध्र प्रदेश,तेलंगाना,उत्तर प्रदेश आदि में किसान संघ के निजी कार्यालय भवन स्थापित है।

You may have missed