September 21, 2024

चक्रवाती तूफान पाबुक को लेकर ओडिशा के 7 जिलों में अलर्ट

भुवनेश्वर,05 जनवरी(इ खबरटुडे)। ओडिशा पर एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण चीन से उठा चक्रवाती तूफान ‘पाबुक’ अंडमान होते हुए ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के सात जिलों में अलर्ट घोषित किया गया है।

इन सात जिलों में बालासोर, भद्रक, जगतसिहपुर, केंद्रपाड़ा, पुरी, गंजाम और खुर्दा शामिल हैं। इन जिलों में स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

मछुआरों को अगले दो दिनों तक समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि चक्रवाती तूफान ‘पाबुक’ विगत तीन जनवरी को दक्षिण पूर्व पोर्ट ब्लेयर से करीब 1500 किलोमीटर दूरी पर था।

यह तूफान रविवार की शाम को अंडमान द्वीप को पार कर ओडिशा की ओर आ सकता है। यहां से होता हुआ यह चक्रवात सात-आठ जनवरी को म्यांमार की ओर जा सकता है, जहां यह कमजोर पड़ जाएगा।

You may have missed