October 5, 2024

कोरोना देश में:9 राज्य और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में 90% से ज्यादा मरीज ठीक हुए; यह नेशनल एवरेज से भी ज्यादा; अब तक 74.30 लाख केस

नई दिल्ली,17 अक्टूबर (इ खबर टुडे )। देश में कोरोना के आंकड़े लगातार राहत देने वाले आ रहे हैं। शुक्रवार को 62 हजार 104 केस आए तो 70 हजार 386 मरीज ठीक हो गए। 839 की मौत हुई। एक्टिव केस घटकर आठ लाख से नीचे आ गए हैं। अब देश में कुल 7 लाख 94 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है। नौ राज्य और चार केंद्र शासित प्रदेशों में 90% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं, जो नेशनल एवरेज 87.8% से ज्यादा है। बाकी राज्यों में भी यह आंकड़ा 80% के आसपास या उससे ऊपर है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले ढाई महीने देश के लिए बहुत कठिन हैं। फेस्टिव सीजन और ठंड में संक्रमण के बढ़ने का खतरा ज्यादा है। ऐसे में हम सभी को जागरूक करना होगा।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। आजाद ने बताया कि डॉक्टर्स की सलाह पर वह अभी होम आइसोलेशन में हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को अनलॉक 5.0 के तहत महिलाओं को बड़ी छूट दी है। अब मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिलाएं भी सफर कर सकेंगी। लॉकडाउन के बाद करीब एक महीने पहले ही लोकल ट्रेनें शुरू की गई थीं। तब केवल आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई और अनिवार्य सेवाओं में लगे कर्मचारियों को ट्रैवल करने की अनुमति थी

  1. मध्यप्रदेश
    राज्य में शुक्रवार को 1352 लोग संक्रमित पाए गए और 1556 लोग ठीक होकर अपने घर गए। 25 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 57 हजार 936 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें 13 हजार 928 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 41 हजार 273 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2735 मरीजों की मौत हो चुकी है। टेस्टिंग का आंकड़ा भी बढ़कर 25.3 लाख हो गया है।
  2. राजस्थान
    शुक्रवार को राज्य में 2010 नए मामले सामने आए। 2201 लोग रिकवर हुए और 15 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 69 हजार 289 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 हजार 381 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 46 हजार 185 लोग ठीक हो चुके हैं। 1723 लोग कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं।
  3. बिहार
    राज्य में शुक्रवार को 1062 मरीज मिले, 1454 लोग रिकवर हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 1 हजार 887 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 हजार 649 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि1 लाख 90 हजार 256 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 981 मरीजों की मौत हो चुकी है।
  4. महाराष्ट्र
    राज्य में शुक्रवार को 11 हजार 447 नए केस मिले और 13 हजार 885 लोग रिकवर हो गए। 306 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 79.9 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 15 लाख 76 हजार 62 लोग संक्रमित मिले। इन संक्रमितों में 13 लाख 44 हजार 368 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 89 हजार 715 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण से 41 हजार 502 लोग जान गंवा चुके हैं।
  5. उत्तरप्रदेश
    राज्य में शुक्रवार को 1.7 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 2552 लोग संक्रमित पाए गए। 3538 लोग रिकवर हुए और 46 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 49 हजार 935 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 4 लाख 8 हजार 83 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6589 मरीजों की मौत हो चुकी है। अब तक 1.3 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds