Neemuch Weather: नीमच में मौसम ने मारी पलटी, तापमान में आई 3 डिग्री से अधिक की गिरावट
Neemuch News: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। जिले में पिछले कुछ दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने पर लू जैसी गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी थी। लेकिन पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला और अधिकतम तापमान में गिरावट आई। तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिली हैं। पिछले कई दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ लू चलने से स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी हो रही थी।
नमी भरी तेज हवाओं से तापमान में आई तीन डिग्री से अधिक गिरावट
नीमच जिले में शुक्रवार सुबह से नमी भरी तेज हवाएं चलने से 24 घंटे में अधिकतम पारा 3 डिग्री से अधिक लुढ़ककर 35.6 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आज व कल जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश कर अलर्ट है। बारिश होने से किसानों को नुकसान नहीं है, फस्लें कट चुकी हैं। हालांकि खुले में रखी उपज व भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखने की जरूरत है।
आपको बता दें कि नीमच में अप्रैल के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे और अधिकतम पारा 40 डिग्री से उपर चला गया था। 7 अप्रैल को रिकॉर्ड 40.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल ने गर्मी के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। यही कारण था कि लगातार 3 दिन तक पारा 40 डिग्री के पार ही रहा और गर्म व लू से लोग परेशान हो गए।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से नीमच के लोगों को मिली गर्मी से राहत
मध्य प्रदेश राज्य में गुरुवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के ऊपर चक्रवातीय घेरा बनने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। इससे बादल छाने के साथ नमी मिल रही है। शुक्रवार सुबह से धूप के साथ नमी भरी तेज हवाएं चलने से तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। शाम होते-होते मौसम सुहाना हो गया। नमी भरी हवाएं चलने के कारण 9 दिन बाद दिन का अधिकतम पारा 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। 2 अप्रैल को इतना ही दर्ज हुआ था। दूसरी तरफ रात में न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं है और 25 डिग्री के ऊपर बना हुआ है।