Neemuch Weather: हाइवे पुलिया से 3 फीट ऊपर बह रहा पानी, 5 दिन से जान जोखिम में डाल निकल रहे लोग
Neemuch News: नीमच शहर सहित जिले में इन दिनों अधिक बारिश के दौरान जिले की कई पुल-पुलियाओं के ऊपर से पानी बह रहा है। शनिवार को भी सुबह से शाम तक रिमझिम का दौर जारी रहा। दोपहर में तेज बारिश हुई। नदी-नाले उफान पर आने से 12 से अधिक मार्ग बाधित हो जाते हैं।
नीमच को मोरवन, सिंगोली होते हुए यह मार्ग राजस्थान के कोटा, बूंदी क्षेत्र से जोड़ता है। ऐसे में रोज 24 से अधिक यात्री बसें व हजारों निजी वाहन आते-जाते हैं। रोज 80 हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। इसके अतिरिक्त सैकड़ों ट्रक, पिकअप वाहनों का आवागमन होता है। मुख्य मार्ग होने से लोगों के पास अन्य मार्ग का विकल्प भी नहीं है। बारिश में मोरवन बांध लबालब है। वेस्ट वेयर से जो पानी निकलता है इससे नीमच-सिंगोली मार्ग की पुलिस दो से तीन डूब जाती है। इसमें से दिन-रात हजारों लोग गुजरने को मजबूर हैं। रात में बारिश अधिक होने एवं पानी का बहाव अधिक होने पर हादसे की आशंका भी रहती है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि नए मार्ग का टेंडर हो चुका है। बारिश बाद काम शुरू होगा। इसमें पुलिया को 14 फीट हाइट पर बनाना प्रस्तावित है। इसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
बारिश अधिक होने पर घंटों बंद रखना पड़ता है मार्ग
मोरवन के पास बनी पुलिया पर बांध का पानी आता है। बारिश अधिक होने पर पुलिया पर पानी की आवक अधिक हो जाती है, जिसके चलते घंटों आवागमन बंद हो जाता है। इससे आसपास के लोगों व राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या 20-25 सालों से है।