Neemuch News: मिट्टी कुश्ती में आज होगा फाइनल मुकाबला
Neemuch News: नगर में इंडियन स्टाइल कुश्ती संघ एवं बजरंग व्यायामशाला द्वारा तीन दिनी पारंपरिक भारतीय मिट्टी कुश्ती का आयोजन उपज मंडी में किया जा रहा है। इसमें संभाग के 300 पहलवान भाग ले रहे हैं। स्पर्धा के दूसरे दिन शनिवार सुबह 8 बजे से दंगल शुरू हुआ। इसमें पहलवानों ने एक-दूसरे को पटकनी देने के लिए एक से एक दांव-पेंच आजमाएं। फाइनल मुकाबला रविवार को होगा।
उपज मंडी में पहली बार मिट्टी पर कुश्ती हो रही है। 3 दिनी स्पर्धा का शुभारंभ 13 जून को हुआ। पहले दिन पहलवानों का वेट हुआ। शनिवार को सुबह से ही पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू हुए। इसका आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में नगर के कुश्तीप्रेमी और पहलवान पहुंच रहे हैं। सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक कुश्ती हुई। इसके बाद गर्मी अधिक होने के कारण 4 घंटे के ब्रेक के बाद शाम 5 बजे से फिर दंगल शुरू हुआ। यह रात 10 बजे तक जारी रहा। इसमें 150 पहलवानों ने जोर-आजमाइश की।
स्पर्धा में उज्जैन, मंदसौर, मनासा नीमच, नारायणगढ़, रतलाम के पहलवानों ने भाग लिया। 55 किलो वेट में पहलवान वरदान राठौर उज्जैन, यश ग्वाला मंदसौर, प्रमोद गुजराती उज्जैन, मोनू ग्वाला मनासा, नितिन सुरा नीमच विजेता रहे। 60 किलो कुश्ती में ऋषभ चौहान, उज्जैन, दीपक चंदेल मनासा, अंशुल बंदेला उज्जैन और वेदप्रकाश उज्जैन सहित अन्य पहलवान विजेता रहे।
इन विजेता खिलाड़ियों के मध्य अब रविवार को मुकाबले होंगे। स्पर्धा का फायनल मुकाबला रविवार की रात को होगा। आयोजनकर्ता एवं इंडियन स्टाइल कुश्ती संघ के संरक्षक नारायण सोमानी, जिलाध्यक्ष लाला चौहान ने बताया कि मिट्टी की कुश्ती आधुनिक मेट की कुश्ती के चलन में आने से विलुप्त होती जा रही है। पारंपरिक भारतीय मिट्टी कुश्ती का आयोजन करवाने का मुख्य उद्देश्य इसको बढ़ावा देना है। इसके प्रति खिलाड़ियों में भी काफी उत्सुकता है।
इंदौर व डिंडोरी के रेफरी करवा रहे मुकाबले
नगर में हो रही उज्जैन संभाग स्तरीय संभाग केसरी कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर के इंदौर और उज्जैन के रेफरी दायित्व निभा रहे हैं। इसमें मनीष मुहाले राष्ट्रीय निर्णायक इंदौर, विजय कुमार भाटीय डिंडौरी, रेहान खान राष्ट्रीय पदक विजेता रेलवे, लोकपाल गोहर इंदौर, कपिल गुर्जर इंदौर शामिल हैं। HIDCO
राष्ट्रीय पदक विजेता भी यहां आजमा रहे ताकत
उपज मंडी में हो रही तीन दिवसीय कुश्ती स्पर्धा में राष्ट्रीय पदक विजेता और कांस्य पदक विजेता भी दांवपेंच लगा रहे हैं। इसमें राष्ट्रीय पदक विजेता वरदान राठौर, सीनियर कांस्य पदक विजेता तरुण आचार्य उज्जैन भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। अन्य खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं।