Neemuch News: नीमच जिले में सामाजिक संस्थाओं ने ग्वालटोली तालाब पर चलाया जल गंगा संवर्धन अभियान
Neemuch News: नीमच जिले में जल है तो जीवन है, वृक्ष के बिना जीवन संभव नहीं है, इसी उद्देश्य को लेकर संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था नीमच द्वारा नगरपालिका, चाइल्ड रिलीफ मिशन फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार ग्वालटोली तालाब पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत दो घंटे श्रमदान किया गया। इस दौरान तालाब किनारे जमा गंदगी व बिखरा कचरा साफ किया जाकर एकत्र किया और एक ट्राली कचरा नपा के ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुचवाया, ताकि वह फिर से तालाब में जाकर न मिले।
रविवार को विभिन्न सामाजिक व पर्यावरण से जुड़ी संस्थाओं द्वारा नपा के साथ मिलकर संस्था सदस्यों ने तालाब किनारे से सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथिन थैलियां, गंदे फटे-पुराने कपड़े, जुते-चप्पल आदि एकत्रित कर ढेर लगाएं। इन्हें थैलियों और ट्राली में भरा गया।
श्रमदान पश्चात जागरूकता संदेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने कहा कि आमजन पानी का सदुपयोग करें, पानी को व्यर्थ न बहाएं, जल है तो कल है इसके बिना जीवन संभव नहीं है। शहर में इन्दिरा नगर एवं ग्वालटोली के बीच इस तालाब की देखरेख आवश्यक है। तालाब में मछलियों सहित अन्य जलीय जीव जंतु है। इसलिए इस तालाब व उसके किनारे गंदगी न हो इसकी जिम्मेदारी सबसे पहले क्षेत्रवासियों की है।
मिशन फाउंडेशन अध्यक्ष अनूप सिंह चौधरी ने कहा है कि यह शहर आपका अपना है, इसे स्वच्छ-सुंदर पर्यावरण युक्त बनाना हम सभी का दायित्व है। 2 घंटे चले अभियान में नवीन कुमार अग्रवाल, दुलीचंद कनेरिया, राजकुमार सिन्हा, हरीश उपाध्याय, मनीष काठेड, सुकुमार आगार, नगरपालिका के कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा, मिशन फाउंडेशन की पुजा मिश्रा, गौरव शर्मा, नवनीत अरोंन्दकर, प्रीती निर्मल, ग्वालटोली के सामाजिक कार्यकर्ता मुन्नालाल हांस सहित पर्यावरणप्रेमी उपस्थित थे।