Neemuch News: 1673 जल संरचनाओं में से 918 का गहरीकरण, 1 लाख से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी खेतों में डाली
Neemuch News: जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जन सहयोग से कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में 243 ग्राम पंचायतों में गहरीकरण के लिए कुल 1673 तालाबों, चेकडेम, स्टापडेम एवं अन्य को चिह्नित किया।
इसमें से अब तक 918 जल संरचनाओं का जन सहयोग से गहरीकरण कर 1 लाख 6319 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकालकर किसानों ने खेतों में डाली है। इसमें 6519 ग्रामीणों ने सहभागिता की है। इससे जल संरचनाओं की जल भराव क्षमता 43 लाख 23 हजार 299 से बढ़कर 1 करोड़ 15 लाख 77 हजार से अधिक घन मीटर हो जाएगी।
जिपं के अनुसार जनपद क्षेत्र जावद में 73 ग्राम पंचायतों में 592 जल संरचनाओं का गहरीकरण के लिए चिह्नांकन किया। इनमें से 339 का गहरीकरण कर अब तक 20786 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकालकर किसानों के खेतों में डाली गई। इसमें 1850 ग्रामीणों ने सहभागिता की। इसी तरह मनासा क्षेत्र में 102 ग्राम पंचायतों में 636 जल संरचनाओं का गहरीकरण के लिए चिह्नांकन किया।
318 का कार्य प्रारंभ कर 19982 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली। जनपद क्षेत्र नीमच ने सभी 68 ग्राम पंचायतों में 427 जल संरचनाओं के गहरीकरण के कार्य चिन्हित किए जाकर 243 जल संरचनाओं का गहरीकरण किया। 15551 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली। इसमें 5321 ग्रामीणों ने सहभागिता की। इधर जल संसाधन विभाग ने 18 जलाशयों का जनसहयोग से गहरीकरण कर 50 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली। इसमें 900 ग्रामीणों ने सहयोग किया।