Neemuch News: नीमच से सिंगोली मार्ग पूरा खत्म
Neemuch News: नीमच से कोटा को जोड़ने वाला नीमच-सिंगोली मार्ग पूरी तरह से खत्म हो गया। नव निर्माण के लिए जिम्मेदार व अधिकारी विस चुनाव के पहले से राशि स्वीकृत होने व टेंडर प्रक्रिया की बाते कह रहे हैं। अप्रैल में सीएम ने भूमिपूजन भी कर दिया था लेकिन अब तक ठेकेदार ने सुधार कार्य तक शुरू नहीं किए।
इधर जून में बारिश शुरू हो जाएगी। इसके चलते डामर निर्माण अक्टूबर तक प्रतिबंधित हो जाएंगे। ऐसे में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की लापरवाही के चलते जिले की जनता की समस्या खत्म नहीं होगी। सफर में तो समय लग ही रहा साथ ही, हादसों की आशंका भी है।नीमच से सिंगोली 85.52 किमी का मार्ग 2 साल से सुधार की राह तक रहा है। नीमच-सिंगोली मार्ग का निर्माण 8 साल पहले हुआ था। वर्तमान में यह पूरी तरह से खत्म हो गया है।
डामर सड़क तो बची ही नहीं। मार्ग पर गिट्टी व धूल के गुबार उड़ रहे हैं। 2023 में विधानसभा चुनाव के पहले राजनीतिक दबाव में अधिकारियों ने गड्डों में मुरम भरकर लोगों को मामूली राहत दी लेकिन चुनाव होते ही न जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया न अधिकारी ध्यान दे रहे हैं। यह मार्ग नीमच से सरवानिया महाराज, मोरवन, डिकेन, रतनगढ़ व सिंगोली होते हुए हाइवे राजस्थान के कोटा को नीमच से जोड़ता है। इसके चलते रोज इस मार्ग से लाखों वाहन गुजरते हैं।
अप्रैल में सीएम डॉ. मोहन यादव ने मार्ग निर्माण का भूमिपूजन भी कर दिया लेकिन आज तक निर्माण व सुधार सुधार शुरू नहीं हो पाया है। जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी लापरवाह बने हैं। इसके चलते अब जिले की जनता को लंबा इंतजार करना होगा। 15 जून से मानसून शुरू होने के चलते शासन के नियमानुसार ही जून से अक्टूबर तक डामरीकरण प्रतिबंधित हो जाएगा। इसके चलते 5 माह तक काम शुरू नहीं हो पाएगा। ऐसे में नवीन मार्ग के लिए जनता को और इंतजार करना पड़ सकता है।
इस तरह होना है मार्ग का निर्माण
नीमच सिंगोली मार्ग की कुल लंबाई 85.52 किमी है। एनडीबी क्त्ति पोषित परियोजना अंतर्गत 295.69 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण व डामरीकरण किया जाना है। इसके लिए एमपीआरडीसी ने ठेकेदार मेसर्स सांवरिया कंस्ट्रक्शन प्रालि उदयपुर राजस्थान कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी किया है।
इस मार्ग की चौड़ाई 10 मीटर तथा 1-1 मीटर दोनों तरफ शोल्डर होंगे। कुल 85.52 किमी लंबाई में से 75.39 किमी में डामरीकरण तथा 10.13 किमी पीक्यूसी (पेवमेंट क्वालिटी कांक्रीट) सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण के अंतर्गत कुल 133 पुल-पुलियाओं का चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण किया जाएगा। मार्ग का काम 24 माह की अवधि में पूर्ण किया जाना है।
रोज गुजरते हैं हजारों वाहन
नीमच को सिंगोली होते हुए राजस्थान के कोटा को यह मार्ग जोड़ता है। मार्ग से रोज 24 से अधिक यात्री बसें आवागमन करती हैं। रोज सैकड़ों ट्रक, पिकअप वाहनों का आवागमन होता है। जावद में एसडीएम कार्यालय व न्यायालय सहित अन्य आवश्यक कार्यालय हैं। ऐसे में रोज 40 से 50 किमी का सफर तय कर लोगों को सिंगोली, रतनगढ़, जाट क्षेत्र से जावद आना पड़ता है। इस मार्ग से रोज लाखों लोग गुजरते हैं लेकिन अभी उनका सफर मुश्किल हो रहा है।
अभी गिट्टी-मुरम बिछाने व चौड़ीकरण जैसे कार्य करेंगे
नीमच से रतनगढ़ सिंगोली तक 12 मीटर चौड़ा मार्ग बनाना है। इसके लिए उदयपुर वाले सांवलिया कंस्ट्रक्शन को ठेका दिया है। मोरवन के आसपास वह मशीनें व सेटअप लगा रहे हैं। बारिश में डामर तो नहीं हो पाएगा लेकिन अभी गिट्टी-मुरम बिछाने व मार्ग चौड़ीकरण जैसे कार्य किए जा सकेंगे। बारिश में 10 किमी से अधिक जो सीसी होना है उसका कार्य भी किया जा सकता है। हमारा प्रयास है कि समय सीमा में काम पूरा हो। इसके लिए ठेकेदार को निर्देश भी दिए हैं। इससे जनता को जल्द राहत मिल सके।
- एसके मनवानी, एमपीआरडीसी, उज्जैन।