New Fourlane Highway: नीमच शहर को जाम से मुक्ति दिलाने हेतु सरकार खर्च करेगी 105 करोड़ रुपए, फोरलेन हाईवे का निर्माण हुआ तेज
Neemuch News: नीमच शहर को जल्द ही जाम से मुक्ति मिलने जा रही है। इसके लिए सरकार नए फोरलेन हाईवे के निर्माण हेतु 105 करोड़ रुपए की राशि खर्च करेगी। भाटखेड़ा फोरलेन फंटा से डूंगलावदा-जावद फोरलेन फंटा के बीच 17.10 किमी लंबे शहरी हाइवे का फोरलेन निर्माण तेजी से जारी है। यह मार्ग वर्षों से टू-लेन ही होने के कारण बढ़ते यातायात दबाव से जाम की बड़ी समस्या बन गया था। स्थिति को देखते हुए दो वर्ष पूर्व मध्यप्रदेश शासन ने इस हाइवे को फोरलेन बनाने के लिए 130 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। इसके बाद एमपीआरडीसी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम राजस्थान की केके गुप्ता कंस्ट्रक्शन कंपनी को 105 करोड़ रुपये में सौंपा।
वर्तमान में निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में चल रहा है। जावद फंटे से कलेक्टोरेट होते हुए मेसी शोरूम चौराहा तक एक दिशा का फोरलेन (New fourlane highway) लगभग तैयार है, जबकि हिंगोरिया से भाटखेड़ा फंटा तक का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। बस स्टैंड से मेसी शोरूम चौराहा के बीच का हिस्सा पहले से ही फोरलेन है। अनुबंध के अनुसार ठेकेदार को कार्य पूरा करने की समय-सीमा मार्च 2027 दी गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में कार्य की गति को देखते हुए यह परियोजना नवंबर-दिसंबर 2026 तक ही पूर्ण हो सकती है।
फोरलेन से मिलेंगे बड़े फायदे
सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर शोल्डर और बीच में डिवाइडर बना रहे। आने-जाने वाली दिशा के लिए अलग-अलग दो-दो लेन उपलब्ध होंगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी। इसके अलावा शहर के मध्य से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव व्यवस्थित होगा। बस स्टैंड क्षेत्र और पुलिया पर रहने वाला स्थायी जाम खत्म होगा। फोरलेन से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मेडिकल कॉलेज व भविष्य के नए अस्पताल इसी मार्ग पर होने से एम्बुलेंस व मरीजों के आवागमन में सहूलियत बढ़ेगी। (Neemuch news)

