गणेशोत्सव पर बाजार में रौनक, पहले ही दिन सौ से ज्यादा वाहन बिके
Neemuch News: नीमच जिले में गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही बाजारों में रौनक लौट आई है। राखी के बाद सुस्त पड़े कारोबार को इस त्योहार ने फिर से गति दी। शुभ मुहूर्त और सर्वार्थ सिद्धि योग के कारण बुधवार का दिन खास रहा। इसी मौके पर 100 से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहन बिके। हालांकि पंजीयन कार्यालय अवकाश होने के कारण लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री नहीं करा पाए, लेकिन कई सौदों पर सहमति बनी और लोगों ने गृह प्रवेश भी किया। प्रॉपर्टी से जुड़े सर्विस प्रदाताओं ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार के लिए पहले से ही स्लॉट बुक कर लिए गए हैं।
सराफा व कपड़ा बाजार में भी भीड़
त्योहार के पहले दिन सोना-चांदी की कीमतों में तेजी रहने के बावजूद सराफा बाजार में खरीदारों की भीड़ दिखी। इसी तरह कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी ग्राहकी बढ़ी। व्यापारियों का मानना है कि अच्छी फसल और मौसम से इस बार त्योहारी सीजन दीपावली तक बेहतर रहेगा। पिछले वर्ष भी गणेशोत्सव से शुरू हुई खरीदारी ने दीपावली तक बाजार को मजबूती दी थी।
बारिश थमने से बढ़ी ग्राहकी
लगातार हुई बारिश से बाजार पर असर पड़ा था, लेकिन अब मौसम खुलने से खरीदारी में तेजी आई है। बुधवार को केवल एक घंटे तक बारिश हुई, इसके बाद दिनभर लोगों ने शोरूम और बाजारों का रुख किया।
वाहनों की एडवांस बुकिंग का असर
वाहन डीलरों ने बताया कि शहर में 8 बड़े टू-व्हीलर शोरूम और 9 फोर-व्हीलर शोरूम संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों के भी 10 से अधिक शोरूम मौजूद हैं। गणेश चतुर्थी को देखते हुए 60 से ज्यादा दोपहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग पहले ही हो चुकी थी। नतीजतन, बुधवार शाम तक 100 से अधिक वाहन ग्राहकों को सौंपे जा चुके थे।
व्यापारियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में त्योहारों की श्रृंखला से बाजार की रौनक और भी बढ़ेगी।