Neemuch News: गणेश विसर्जन के उत्साह में बालक ने तालाब में लगाई छलांग, गहरे पानी में जाने से डूबा
Neemuch News: नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र में अनंत चतुर्दशी पर गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान एक किशोर तालाब में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। ग्राम मोड़ी के भक्त शनिवार दोपहर गणपति बप्पा को विसर्जित करने गांव बरखेड़ा कामलिया के तालाब पहुंचे। इस दौरान महिला-पुरुष सहित बच्चे भी मौजूद थे। युवा गणेश मूर्ति को लेकर तालाब में उतरे तो उनके साथ कुछ बच्चे भी उतर गए। इस दौरान दोपहर करीब 3.30 बजे 13 साल के ईश्वर पिता
घीसालाल बलाई ने भी उत्साह में पानी में छलांग लगा दी। इससे वह गहरे पानी में चला गया। सभी लोग गणेश विसर्जन में लगे रहे। इसी समय पास में ईश्वर डूबने लगा। यह घटना किनारे से वीडियो बना रहे लोगों के मोबाइल में कैद हो गई। लोगों ने ईश्वर को डूबता देख आवाज भी लगाई लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान ईश्वर का भाई भी साथ में ही था। वह भी डूबने लगा था जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने ईश्वर को खोजने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला। लोगों ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। 2 घंटे बाद पुलिस प्रशासन, प्लाटून कमांडर पुष्पा पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। नाव से ईश्वर को खोजना प्रारंभ किया। शाम 6.23 बजे टीम ने शव तालाब से बाहर निकाला। शाम को पुलिस शव को जावद स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। मर्ग कायम का जांच शुरू की