Movie prime

 नीमच आदिमजाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक और अधीक्षक एक लाख की रिश्वत लेते धराए 

 

 

उज्जैन,25 जून (इ खबर टुडे)। लोकायुक्त इकाई उज्जैन ने गुरूवार दोपहर नीमच आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक राकेश राठौर द्वितीय श्रेणी अधिकारी एवं हरीश चौहान, अधीक्षक, उत्कृष्ट बालक छात्रावास माध्यमिक शिक्षक को रूपए एक लाख की रिश्वत लेने के मामले में रंगे हाथों पकडा है। आरोपी अपने ही विभाग की अधीक्षिका, जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर जिला नीमच कुर्दुला एक्का से रिश्वत लेते पकडे गए।

लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार आवेदिका कुर्दुला एक्का निवासी 115 संत हिरदाराम नगर, हामू खेड़ी देवास रोड उज्जैन नीमच जिला अंतर्गत जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर में अधीक्षिका के पद पर पदस्थ है। आवेदिका की छात्रावास में अनियमिताएं के चलते निलंबन कर विभागीय जांच प्रारंभ की गई थी, विभागीय जांच में सहयोग करने एवं पुराना रूका हुआ वेतन  निकालने के संबंध में राकेश राठौर एवं हरीश चौहान, अधीक्षक द्वारा 1 लाख 25 हज़ार रुपये की माँग की और 25 हजार रूपए पिछले सप्ताह लिए जा चुके थे।

 आवेदिका ने शेष राशि को लेकर लोकायुक्त एसपी आनंद यादव को शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन किए जाने के उपरांत लोकायुक्त ने दो शासकीय गवाहों को पंजीबद्ध किया। इसके साथ ही पंजीबद्ध नोट आवेदिका को रिश्वत की राशि के रूप में दिए गए। गुरूवार दोपहर में लोकायुक्त दल ने नीमच कलेक्टोरेट परिसर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में आवेदिका को रिश्वत की राशि देकर भेजा था। 

रिश्वत की राशि लिए जाते ही पूर्व योजनानुसार दल ने कार्यालय में ही राकेश राठौर, जिला संयोजक एवं हरीश चौहान को रूपए एक लाख की रिश्वत राशि के साथ ट्रेप किया । रिश्वत राशि हरीश चौहान की पेंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई। स्थल पर ही आरोपियों के विरुद्ध धारा-7,  भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 व 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया ।