Neemuch News: जिले में होने वाली 7 दिन की फिजिकल ट्रेनिंग में कैडेट्स सीखेंगे हथियार चलाना व मैप रीडिंग
Neemuch News: 5 मप्र बटालियन एनसीसी मंदसौर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 8 जून से शुरू हो चुका है। यह 17 जून तक चलेगा। इसमें मंदसौर और नीमच जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर की शुरुआत जोश और अनुशासन के साथ हुई। कैडेट्स ने एकता और सेवा भावना का परिचय दिया।
शिविर में कैडेट्स को हथियार संचालन, मैप रीडिंग, फिजिकल ट्रेनिंग, ग्रुप एक्टिविटी और फील्ड क्राफ्ट जैसे विषयों की ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, कॅरियर मार्गदर्शन, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान भी हो रहेहैं। यह शिविर युवा कैडेट्स के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का प्रयास है।
इसमेंहर कैडेट एक पौधा लगाएगा और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी निभाएगा। पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, प्लास्टिक उन्मूलन और स्वच्छता पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। कमान अधिकारी ने बताया कि एनसीसी केवल परेड और अनुशासन नहीं सिखाती, यह राष्ट्र निर्माण की नींव है। आज के कैडेट्स कल के सैन्य अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक और समाज सुधारक बनेंगे। उन्होंने कहा कि हर कैडेट में देश सेवा का जज्बा है।
शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रीय एकता, विविधता में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है। कैडेट्स को समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। यह शिविर युवा पीढ़ी में अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व और पर्यावरणीय जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को मजबूत करने का मंच बन गया है। शिविर में प्रदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों से भी बच्चों की बातचीत कराई जा रही है।