Neemuch News: नीमच शहर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 143 प्रकरणों का निराकरण 18 पारिवारिक विवाद सुलझाए
Neemuch News: जिला न्यायालय परिसर नीमच, मनासा और जावद में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत लगी। प्रधान जिला न्यायाधीश वीरेंद्रसिंह राजपूत के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच की सचिव शोभना मीणा के नेतृत्व में सुबह से शाम तक आयोजन किया। जिले में कुल 17 खंडपीठों में कार्यवाही सुबह से शाम 5.30 बजे तक चली।
लंबित 151 प्रकरणों में से 143 प्रकरणों का निराकरण हुआ। इससे 339 लोग लाभान्वित हुए। मोटरयान दुर्घटना के 2 मामलों में 30 लाख रुपए का अवॉर्ड पारित हुआ। चेक अनादरण के 63 मामलों मैं 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार 969 रुपए का निराकरण हुआ। शमनीय आपराधिक मामलों के 29 प्रकरणों में 3 लाख 32 हजार 107 रुपए का अवॉर्ड पारित हुआ। इसके अलावा 3 सिविल और 18 पारिवारिक विवाद सुलझाए गए।
इसी प्रकार प्रीलिटिगेशन के कुल 4265 प्रकरणों में से 379 प्रकरणों का निराकरण हुआ। इनमें 2 करोड़ 22 लाख 84 हजार 584 रुपए की वसूली हुई। यह जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी नीमच ने दी। विशेष न्यायाधीश आलोककुमार सक्सेना, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय डॉ. कुलदीप जैन, जिला न्यायाधीश राकेश कुमार शर्मा, जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, रश्मि मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार बौरासी, न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. रेखा मरकाम, पूजा पाठक बौरासी, अंकिता गुप्ता, विशाल खाड़े, अंकित जैन, अभय प्रताप सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, खंडपीठ सदस्य, पैरालीगल वॉलंटियर्स, न्यायिक और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कर्मचारी मौजद थे।