Mandsaur News: 65 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा और तेज बारिश ने गिराए पेड़
Mandsaur News: मंदसौर में नौतपा के चौथे दिन तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। 65 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा की रफ्तार से चली हवा के कारण अंचल में चद्दर उड़ गए, बिजली खंभे गिर गए। इससे परेशानी बढ़ गई। शहर से लेकर गांव तक पेड़ गिरने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई। शहर के नयापुरा मार्ग पर पानी भर गया।
हवा शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में बिजली बंद हो गई। रात तक लोग परेशान होते रहे। मंदसौर में लगातार 5वें साल नौतपा में बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बीते 4 दिन से नौतपा में उमसभरी गर्मी के कारण जनजीवन बेहाल था।
बुधवार को मौसम के बदले मिजाज ने ठंडक घोल दी तो तेज हवा ने शहर से लेकर अंचल तक नुकसान भी किया। नौतपा के चौथे दिन भी शहर में सुबह से ही मौसम साफ रहा और लोग उमसभरी गर्मी से परेशान होते रहे। शाम करीब 4 बजे मौसम बदला और काले बादल छाने से अंधेरा छा गया। तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मप्र के आसपास दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। वहीं, एक टर्फ प्रदेश से होकर छत्तीसगढ़ की ओर जा रही है। इस कारण प्रदेश में आंधी-बारिश वाला मौसम है। आने वाले चार दिन यानी, 31 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इसका जिले में भी असर हो सकता है। बता दें कि जिले में इस माह अब तक तीन इंच बारिश दर्ज हो चुकी है।
बारिश से ऐसे बने हालात
बिजली आपूर्ति ठप, पेड़ गिरने से मार्ग भी हुए बंद कुचड़ौद, खजूरी आंजना, जोगीखेड़ा व नाहरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्र में खेतों में पानी भर गया। तेज हवा से 15 से ज्यादा मकानों के चद्दर उड़ गए। कई पेड़ उखड़ गए व व बिजली खंभे टूट गए। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बूढ़ा व बादरी के बीच बिजली का खंभा गिरने से साथ केबल भी कई जगह से टूट गई। कुछ दिन पहले ही यहां नई केबल डाली गई थी।
कृषि उपज मंडी पिपलिया में खुले में रखी किसानों की उपज भीग गई। मंदसौर व अंचल में बिजली बंद होने से लोग परेशान होते रहे। देर रात तक कंपनी के पास सैकड़ों शिकायतें पहुंची। आंधी से शिवना पुलिया के समीप पेड़ गिरने से महू-नीमच रोड़ पर आवाजाही प्रभावित हुई। इसी तरह गर्रावद से राणायरा, नाहरगढ़- कचनारा मार्ग भी बंद हुआ।