Movie prime

Mandsaur News: स्कूल मैदान में जमा रहा पानी, नहीं कर सके खिलाड़ी प्रैक्टिस

 

Mandsaur News: एक दिन पहले हुई बारिश के चलते गुरुवार को उमसभरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। दिन के पारे में भी करीब आधे डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दूसरे दिन भी मैदान में बारिश का पानी जमा होने से खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं का सके। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में 31 मई तक मौसम बदला रहेगा।

मंदसौर में फिलहाल मजबूत सिस्टम की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को अधिकतम 36.2 डिग्री व न्यूनतम 26.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बुधवार शाम को तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई थी, इसका असर अगले दिन गुरुवार को भी देखने को मिला। शहर में कई जगहों पर दूसरे दिन भी पानी भरा रहा। बालागंज स्कूल के मैदान में पानी जमा हो गया।

इसके अलावा पीजी कॉलेज के मैदान में भी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी भर गया। इससे छात्रों और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। यहां सुबह व शाम सैकड़ों युवा खेलों का अभ्यास करने व लोग खेलने व घूमने पहुंचते हैं। कीचड़ सहित अन्य परेशानी के कारण वे भी प्रभावित हुए।

वहीं, एक दिन पहले चली तेज आंधी के दौरान जनता कॉलोनी में गुलमोहर का पेड़ गिर गया। यह पेड़ नगरपालिका के वर्षों से बंद पड़े वाचनालय भवन पर गिरा। पेड़ गिरने से भवन की दीवारें टूट गईं। भवन पहले से ही जर्जर हालत में था। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका से जल्द ही मलबा हटाकर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।