Mandsaur News: उज्जैन की प्रशिक्षिका दे रहीं तीन दिन की ट्रेनिंग, बेटे और बेटियां को सिखा रहे आत्मरक्षा के गुर
Mandsaur News: बेटियां खुद की रक्षा कैसे करें और कैसे आत्मनिर्भर बनें, इसको लेकर भारत विकास परिषद आत्मरक्षा के लिए ट्रेनिंग दिलवा रही है। 3 दिनी प्रशिक्षण शिविर में उज्जैन की प्रशिक्षिका सहित 3 ट्रेनर द्वारा उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। 3 दिनी ट्रेनिंग में 115 लड़कियां और लड़के भाग ले रहे हैं।
भारत विकास परिषद द्वारा बंबईवालों की धर्मशाला में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। शिविर का शुभारंभ रविवार शाम 7 बजे हुआ। शुभारंभ नप अध्यक्ष डॉ. सीमा तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लड़कियों को खतरे से बचाने के लिए महत्वपूर्ण कौशल होता है। इससे बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें खुद पर भरोसा करने में मदद करता है।
खुद की रक्षा करने के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नही होना पड़ेगा। प्रशिक्षण में आत्मरक्षा के गुर उज्जैन की प्रशिक्षिका पूजा चित्तौड़ा और 3 सहयोगियों द्वारा दिया जा रहा है। ट्रेनिंग सुबह-शाम 2 घंटे दी जारही है। संकट के समय में किस तरह से सामने वाले का मुकाबला किया जाए, इसको लेकर कई तरह के कौशल सिखाए जा रहे हैं। भारत विकास परिषद अध्यक्ष पंकज पोरवाल ने बताया कि आज बेटियों और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें सेल्फ डिपेंड बनाने के लिए प्रशिक्षण जरूरी है। भारत विकास परिषद मानव सेवा कार्य के साथ ही बेटियों और बेटों को संकट से निपटने के लिए प्रशिक्षण दे रही है।