Mandsaur News: शिव मंदिर के शिखर पर चढ़ेगा स्वर्ण कलश पांच दिवसीय मारुति महायज्ञ के साथ
Mandsaur News: ग्राम मुंडला फौजी में 25 मई से 29 मई तक श्री मारुति महायज्ञ होगा। आयोजन ग्रामवासियों द्वारा सामाजिक समरसता के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। यज्ञ स्थल पर पांडाल व कलश यात्रा की योजना बनाई गई है। प्रतिदिन यज्ञाचार्य व विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ हवन किया जाएगा। साथ ही अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठने व अन्य व्यवस्था भी की गई।
आयोजन समिति ने बताया कि पंडित राजेश राजौरा मुख्य यज्ञाचार्य रहेंगे। उनके आचार्यत्व में ही ये पंच दिवसीय श्री मारुति महायज्ञ का आयोजन होगा। इसी के साथ बालाजी मंदिर के पास ही विराजित महादेव जी के मंदिर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी।। मुंडला फौजी में विराजित अतिप्राचीन सिद्ध चमत्कारी बालाजी मंदिर पर मारुति महायज्ञ को 51 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस वर्ष 52वें वर्ष में यज्ञ प्रवेश करेगा। वर्षों से यहां प्रतिवर्ष पंच दिवसीय यज्ञ करने की परंपरा है जो इस वर्ष भी पूर्ण विधिविधान के साथ होगी।
25 मई को नगर में धूमधाम से बैंड-बाजों के साथ जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के बाद हेमाद्रि स्नान होगा। इसमें यजमान संकल्प लेकर पवित्रता का आह्वान करेंगे। इसके बाद मंडप प्रवेश की वैदिक प्रक्रिया होगी। यजमान पूजा-अर्चना के साथ यज्ञ मंडप में प्रवेश करेंगे। अग्नि प्रवेश के समय वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पवित्र अग्नि को प्रतिष्ठित किया जाएगा। यजमान और श्रद्धालु मिलकर आहुतियां देंगे। देश, समाज और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की जाएगी।
सुबह 11 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति होगी
मंदिर समिति के अनुसार आयोजन के चौथे दिन 28 मई को बालाजी मंदिर के पास ही विराजित भगवान शंकर के मंदिर पर नवनिर्मित शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना नगर वासियों द्वारा की जाएगी। 29 मई को सुबह 11 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद महाआरती व प्रसादी वितरण की जाएगी। विहिप के प्रखंड मंत्री ईश्वर साहू ने बताया कि श्री सिद्धेश्वर बालाजी मंदिर पर प्रतिवर्ष होने वाले यज्ञ को देखते हुए नगरवासियों ने मंदिर परिसर में यज्ञ शाला का स्थाई निर्माण करवाया है।