Movie prime

Mandsaur News: सुबह-शाम मैदान पर बहा रहे पसीन,100 से ज्यादा खिलाड़ियों ने 5 महीने में हॉकी में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर किया प्रदर्शन

 

Mandsaur News: जिले के हॉकी खिलाड़ी न सिर्फ प्रदेश में बल्कि देशभर में अपना लोहा मनवा चुके हैं। वर्तमान में 100 से ज्यादा खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविरों में हॉकी की बारीकियां व तकनीकी टर्म सीख रहे हैं। ताकि आगामी स्पर्धाओं में शहर व जिले का नाम प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर चमका सकें। बीते 5 माह में जिले से 100 से ज्यादा खिलाड़ी राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में भाग ले चुके हैं। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान अपना गोल बचाने व अटैकिंग की तकनीकें सिखाने पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। 30 दिवसीय शिविर एस्ट्रोटर्फ व अन्य मैदानों पर चलेगा। जहां अनुभवी कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।

हॉकी कोच अविनाश उपाध्याय ने बताया कि खिलाड़ी को सबसे पहले चरण में खेल नियम व इसके अनुशासन सिखाए जाते हैं। क्योंकि बगैर नियमों की समझ के एक आदर्श खिलाड़ी नहीं बना जा सकता। खिलाड़ी भव्य पाटीदार, विशाल चौहान व अन्य ने बताया कि प्रतिदिन अनुशासन के साथ मैदान पर आकर सीखने का प्रयास कर रहे हैं। अभी बेसिक कोर्स के तहत बॉल पासिंग व फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। बता दें कि एस्ट्रोटर्फ पर बड़ी संख्या में सुबह-शाम खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। इनमें छोटे बच्चे अधिक हैं। खेल विभाग के अनुसार अलग-अलग शिविरों में 100 से ज्यादा खिलाड़ियों को खेल सिखाया जा रहा है। समापन पर सभी खिलाड़ियों के बीच स्पर्धा भी कराई जाएगी। ताकि खिलाड़ियों को अपना-अपना स्तर पता चल सके। समापन पर सभी को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अच्छा लगता है- जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा मंदसौर ने बताया कि यह सही है कि जिले के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में प्रदेश का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हॉकी में भी खिलाड़ियों ने जिले के साथ देश का भी नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों को समय-समय पर मार्गदर्शन दिया जाता है। विभाग व हमारे कोच भी स्पर्धाओं को लेकर व्यवस्था करते हैं। मेहनती खिलाड़ी समय-समय पर जिले से बाहर जाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं तो अच्छा लगता है।

बीते समय में मंदसौर के खिलाड़ियों का ये रहा प्रदर्शन

अदिति माहेश्वरी ने जूनियर एशिया कप में भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता। हॉकी एसजीएफआई नेशनल महिला अंडर-14 चैंपियनशिप मंदसौर में हुई थी। इसमें मध्य प्रदेश की टीम ने रजत पदक जीता। इस टीम में मंदसौर की 5 बालिकाएं शामिल थीं। नीलू दादिया को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विक्रम अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। झांसी में हुई सीनियर मेंस नेशनल नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की टीम ने रजत पदक जीता। इस टीम में मंदसौर के 3 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। मंदसौर के लक्ष्य रायकवार ने पंजाब हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए 15वीं मेंस सीनियर नेशनल चैंपियनशिप झांसी 2025 में स्वर्ण पदक जीता। वे राउंड क्लास एकेडमी में एनालिस्ट की पोस्ट श्री पोस्ट पर कार्यरत हैं।

राजगीर, बिहार में हुए 7वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में मंदसौर की कृषा परिहार ने कांस्य पदक हासिल किया।

गुना में हुई सीनियर महिला स्टेट चैंपियनशिप में मंदसौर महिला हॉकी टीम ने रजत पदक जीता।