Mandsaur News: खाली प्लॉटों में पनप रहे जहरीले जीव
Mandsaur News:नगर की कॉलोनियों में सुविधाओं का अभाव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कॉलोनाइजर प्लॉट बेचते समय सर्व सुविधा का सपना दिखाते हैं। लोग प्लॉट खरीदकर मकान बना लेते हैं। मकान बनने के बाद मुश्किलें शुरू होती हैं। अधिकतर कॉलोनियों में न तो सड़कें बनी हैं, न ही ड्रेनेज की व्यवस्था है। सफाई की हालत भी खराब है। पानी की समस्या हर नई कॉलोनी में आम है। लोग महंगे टैंकरों से पानी मंगवाते हैं या गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
कॉलोनी वासियों के अनुसार उनकी सबसे बड़ी परेशानी खाली प्लॉट हैं। इन प्लॉटों में झाड़ियां और बड़े-बड़े पेड़ उग आए हैं। इनमें जहरीले जानवर पनप रहे हैं। कॉलोनी में बच्चे खेलते रहते हैं। कॉलोनी में शुक्रवार सुबह सांप का जोड़ा दिखाई दिया। सर्प-मित्र रवि पाटीदार ने दोनों सांपों को पकड़कर बोरे में डाला। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कॉलोनीवासी शिवनारायण घाटिया, महेंद्र सिंह शक्तावत, कमलेश जोशी ने बताया कि कई लोग इन्वेस्टमेंट के लिए प्लॉट खरीदकर छोड़ देते हैं। न तो सफाई कराते हैं, न मकान बनाते हैं। ये प्लॉट कॉलोनीवासियों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। सीएमओ जीवन राय माथुर ने कहा कि खाली पड़े प्लॉट की मालिक सफाई कराएं। नहीं तो नगर परिषद वहां बच्चों के लिए खेल का मैदान बना देगी। पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए भी कार्य योजना बनाई है।