Movie prime

Mandsaur News: जिले में घूम रहे लावारिस मवेशियों व कुत्तों के आतंक से लोग हो रहे परेशान

 

Mandsaur News: नीमच नगरपालिका विकास तो दूर लोगों को लावारिस मवेशियों व कुत्तों के आतंक से छुटकारा दिलाने में नाकाम साबित हो हो रही है। शहर में आए दिन कुत्तों के काटने, लावारिस गाय व सांड द्वारा लोगों को घायल करने की खबरें आ रही हैं। परेशान विकासनगर के लोगों ने रविवार रात पहले घर-घर जाकर लोगों से गली में मवेशियों को भोजन नहीं देने का आग्रह किया।

साथ ही सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज आक्रोशित लोगों ने वार्ड पार्षद योगेश कविश्वर के घर का घेराव किया। रात 11 बजे पार्षद को बाहर बुलाया व समस्या बताई। पार्षद ने नपाध्यक्ष से मुलाकात कर समाधान का आश्वासन दिया लेकिन सोमवार को नपाध्यक्ष से मुलाकात ही नहीं हो पाई। इस तरह नगरपालिका आमजन की छोटी-छोटी समस्या समाधान में भी निष्क्रिय साबित हो रही है।

विकासनगर शहर की बड़ी कॉलोनी है। इसमें पार्षद कविश्वर के घर के पीछे ही गलियों में दिन-रात मवेशियों का जमावड़ा रहता है। एक गली में 8 से 10 मवेशी घूमते रहते हैं। तीन दिन पहले सुबह बुजुर्ग महिला प्रमिला पंचोली पर गौवंश ने हमला कर दिया था। इससे उनके घुटनों में चोट आई व दांत टूट गया।इसी तरह रविवार को शाम को युवा हर्षल कविश्वर के पीछे गाय लग गई। लोगों ने उसे बचाया।

इससे क्षेत्र की जनता का गुस्सा फूट पड़ा। पहले तो पार्षद स्वयं को असहाय बताने का प्रयास करतेरहे। कहा कि पकड़ने वाले भी ग्वाला समाज के कर्मचारी रहते हैं तो वे आपकी गली से गौवंश को पकड़ेंगे व दूसरी गली में छोड़ देंगे। इससे समस्या का समाधान नहीं होगा। कुछ देर देर की बहस के बाद उन्होंने जनता के साथ नपाध्यक्ष से मिलकर समस्या से अवगत कराने की बात कही। गलियों के प्रवेश पर जहां नालियों पर सीसी कर रखी है वहां काऊ कैचर लगवाने का आश्वासन दिया।

इससे मवेशी गलियों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसके बाद मामला शांत हुआ। अशोक चोपड़ा, जगदीश सिसौदिया, सुभाष देसाई, विनय पंचोली, हेमंत अग्रवाल, हर्षल कविश्वर, सुधीर कविश्वर, रफीक मोहम्मद, राजू सिंधी, मुकेश चोपड़ा सहित कई रहवासी मौजूद थे।
पकड़ने वाले ही कॉल कर सचेत कर देते हैं।

हमने कई बार गायों को पकड़ाया है। नपा अमले में पकड़ने वाले ही कॉल कर देते हैं। उस दिन गायें नहीं मिलतीं। सोमवार को नपाध्यक्ष बाहर थीं इसलिए चर्चा नहीं हो पाई, मंगलवार को समाधान की मांग करेंगे। - योगेश कविश्वर, पार्षद, वार्ड 23

अभियान चलाएंगे, काऊ कैचर लगवा देंगे

कर्मचारियों को आवारा पशु को पकड़ने का कह रखा है। विकासनगर में और विशेष अभियान चलाएंगे। काऊ कैचर लगवा देंगे। मंगलवार को नीमच आकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। - स्वाति चौपड़ा, नपाध्यक्ष, नीमच।