Mandsaur News: जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में बसई फंटे से कचनारा तक 32 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्षों से धीमी गति से चल रहा है। इस सड़क के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने 24 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की थी।
निर्माण कार्य शुरू हुए दो साल से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन अब तक निर्माण अधूरा है। कांग्रेस ने पहले भी इस निर्माण में घटिया सामग्री और अनियमितता के आरोप लगाए थे। क्षेत्रीय कांग्रेस नेता महेश पाटीदार और ईश्वर सूर्यवंशी ने निर्माण के दौरान ही पीडब्ल्यूडी मंदसौर और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी।
इसके बावजूद ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इसी मुद्दे को लेकर 1 जून को सुबह 11 बजे रहीमगढ़ बस स्टैंड पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन करेगा। प्रदर्शन में क्षेत्रीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। सड़क की गुणवत्ता की जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

