Movie prime

Mandsaur News: मंदसौर जिले में छत पर खेल रहे आठ वर्षीय मासूम पर बंदरों का हमला, 28 टांके आए

Mandsaur News: मंदसौर जिले में छत पर खेल रहे आठ वर्षीय मासूम पर बंदरों का हमला, 28 टांके आए
 

Mandsaur News: मंदसौर जिले से बंदरों के हमले की एक बड़ी खबर सामने आई है। बंदरों द्वारा बच्चों पर किए जा रहे हमलों के कारण कई गांव में दहशत भी फैल गई है। आपको बता दें कि मंदसौर जिले के ग्राम मुवाला में बुधवार को बंदरों के झुंड ने एक 8 साल के बच्चे को घेर लिया। वह अपने मामा के घर की छत पर खेल रहा था। बच्चे की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण डंडे लेकर पहुंचे और बंदरों को भगाया। हमले से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां 28 टांके लगाए गए।

बंदरों के हमले से घायल बच्चे को किया मंदसौर रेफर

मुवाला निवासी हरिओम धनगर अपने मामा के घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान बंदरों का एक झुड़ छत पर आ गया। हरिओम कुछ समझ पाता इससे पहले ही बंदरों ने उसे घेर लिया। भागने की कोशिश की तो एक बंदर ने उसे नोचना शुरू कर दिया और काट लिया। चीख सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और डंडों से बंदरों को भगाया। घायल हरिओम को तुरंत सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसके घाव पर 28 टांके लगाए। उसे एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद उसे मंदसौर रेफर किया गया। 

सीतामऊ बीएमओ डॉ. वीके सुराह ने बताया कि अस्पताल में घाव पर लगने वाला इम्युनोग्लोबिन इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था। इस कारण बच्चे को मंदसौर रेफर किया गया। इम्युनोग्लोबिन का नया डोज मंगवाया है। वन विभाग के रेस्क्यू प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि जल्द ही बंदरों का पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा।