Mandsaur News: गांधीसागर बांध लबालब : तेज आवक के चलते 3 गेट खोले, 14 घंटे बाद किए बंद
Mandsaur News: मानसून विदा होने के बाद भी लोकल सिस्टम की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। मंदसौर जिले में बीते 24 घंटे में आधा इंच वर्षा दर्ज की गई। इससे जिले में कुल औसत वर्षा 34.5 इंच के पार पहुंच गई। जो सामान्य औसत से लगभग दो इंच अधिक है। प्रदेश के प्रमुख बांधों में शामिल गांधीसागर बांध भी लबालब भर गया। तेज बारिश के चलते शुक्रवार रात अचानक आवक बढ़ी और सुरक्षा के मद्देनजर एक-एक कर तीन छोटे गेट खोलने पड़े। रविवार को आक्क सामान्य होने के बाद सभी गेट बंद कर दिए गए। एक दिन पहले दर्ज 47 हजार क्यूसेक की आवक रविवार रात तक घटकर 9 हजार क्यूसेक रह गई। इधर, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शक्ति तूफान को लेकर भी प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। इसमें मंदसौर भी शामिल है।
मानसून अवधि में जिले के सभी जलाशय अब संतुलित स्थिति में हैं। जलसंसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 59 जलाशय 100 प्रतिशत भर चुके हैं। 4 जलाशय 76-99 प्रतिशत, 11 जलाशय 51-75 प्रतिशत, 8 जलाशय 26-50 प्रतिशत, और 15 जलाशय 25 प्रतिशत तक भरे हैं। शेष 27 जलाशय न्यूनतम स्तर पर हैं। इनमें से 7 तालाब अक्रियाशील हैं। जबकि कुछ योजना के अंतर्गत शामिल होने के कारण पूरे नहीं भर पाए हैं। जलाशयों की स्थिति अच्छी होने के कारण इस बार रबी सीजन सीजन के लिए जल संसाधन विभाग ने भी प्लान तैयार कर लिया है। इस वर्ष मंदसौर जिले का निराबोया क्षेत्र 3,56,200 हेक्टेयर है। जिले में कुल 128 सिंचाई योजनाएं (4 वृहद, 2 मध्यम और 122 लघु) संचालित हैं, जिनकी वार्षिक सिंचाई क्षमता 1,75,918 हेक्टेयर है। इस वर्ष 1,71,217 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य रखा गया है, जो जिले के निराबोया क्षेत्र का लगभग 48 प्रतिशत है।
शक्ति' से फिर होगा मौसम में बदलाव
1312 फीट क्षमता वाले गांधीसागर बांध की रविवार सुबह तक की जलस्तर स्थिति 1311.85 फीट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर से चक्रवाती तूफान 'शक्ति' आने वाला है। इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। यदि मंदसौर और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा होती है, तो बैकवाटर क्षेत्र में आवक बढ़ने के चलते सीजन में चौथी बार गेट खोलने की स्थिति बन सकती है।
आगे क्या : सिस्टम का असर 10 तक रहेगा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंदसौर सहित प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। शेष में 10 अक्टूबर तक विदाई हो जाएगी। इस बीच बन रहे सिस्टम के चलते मंदसौर सहित अन्य जिलों में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इस सप्ताह में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बता दें कि रविवार को भी शहर सहित अंचल में बादल छाए रहे, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई।