Movie prime

Mandsaur News: किसानों को कराया नई तकनीको से रुबरु 

 

Mandsaur News: विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को नई तकनीक से अवगत कराया। उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर के अधिष्ठाता डॉ. आईएस तोमर ने भानपुरा ब्लॉक के गांव सानदा, संधारा एवं कालाकोट में किसानों को खरीफ से पूर्व फसलों की खेती के बारे में जानकारी दी। इसमें बताया कि किसान भाई खेती के कार्य में फसल चक्र अपनाएं, साथ ही मिट्टी परीक्षण कराकर फसलों के लिए उर्वरक की मात्रा का निर्धारण करें। ताकि पौधों को संतुलित उर्वरक एवं खाद प्राप्त हो सकें। साथ ही अधिक उत्पादन हेतु सोयाबीन की उन्नत किस्मों का चयन करें।

प्राध्यापक डॉ. एचपी सिंह ने जीवाणु खाद राइजोबियम एवं पीएसबी कल्चर से होने वाले लाभव उसके महत्व को समझाया। साथ ही कीटनाशकों के सुरक्षित छिड़काव के बारे में जानकारी प्रदान की। कृषि विज्ञान केंद्र मंदसौर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जीएस चुंडावत ने खरीफ फसलों के प्रमुख कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी गुलाबसिंह चौहान ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे बताते हुए विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी भूपेंद्र कटारे एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश बागड़ी ने विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए किसानों की समस्याओं का समाधान किया।