Movie prime

Mandsaur News: कर्मचारियों को लेनी होगी स्थापना शाखा से अनुमति छुट्टी के लिए

 

Mandsaur News: मंगलवार को नगर परिषद में स्वच्छता पेयजल राजस्व व लोक निर्माण शाखाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान अध्यक्ष राजेश सेठिया ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि हम आखरी बार समझा रहे हैं। जो कार्य आपको दिया जा रहा है, उसे सेवा की भावना के साथ करें। यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
 

नगर परिषद सीएमओ वीरेंद्र मेहता ने बताया कि मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में सबसे पहले स्वच्छता की समीक्षा की गई। इसमें विभिन्न वार्डों में स्वच्छता को लेकर चल रही गतिविधियों के बारे में जाना। साथ ही आने वाले मानसून को लेकर किस प्रकार की समस्याएं आ सकती हैं उनकी जानकारी ली। इसके बाद सभी कर्मचारियों को नाले-नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि जनप्रतिनिधियों ने अध्यक्ष को शिकायत की थी कि कर्मचारी मन माफिक छुट्टी पर जा रहे हैं। जांच में भी यही सामने आया। इसके बाद कर्मचारियों को मिलने वाली छुट्टी के आदेशों में बदलाव किया है।

अब कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए स्थापना शाखा से अनुमति लेनी होगी। इससे पहले स्वच्छता पर्यवेक्षक व दरोगा से छुट्टी लेकर कर्मचारी जाया करते थे। वहीं सीएमओ ने बताया कि बीते कुछ दिनों में पेयजल सप्लाई में हुई समस्या को लेकर चर्चा हुई। गांधीसागर बांध से छोड़े गए पानी में इंटकवेल से पानी की दूरी होने के कारण पेयजलापूर्ति में दिक्कत हुई थी। इसके बाद अब नई व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ने राजस्व कर वसूली को लेकर राजस्व शाखा के कर्मचारियों को ऑनलाइन कर वसूली के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि इस नई व्यवस्था से नगर परिषद में पेपर व अतिरिक्त समय की बचत होगी। सीएमओ मेहता ने बताया कि अध्यक्ष के निर्देशों पर सभी कर्मचारियों को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

सभी शाखाओं की बैठक ली, महत्वपूर्णनिर्णय लिए नपध्यक्ष ने बताया कि बीते कुछ महीनों से लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कर्मचारी कार्य के प्रति लापरवाह हैं। इसके बाद देखने पर भी सामने आया था कि कर्मचारी अपने मन माने तरीके से कार्य कर रहे हैं। इसे लेकर सभी शाखाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य था कि नगर के नागरिक आम जन व जनप्रतिनिधि हमारे सम्माननीय है। यदि वह कोई समस्या लेकर आए तो उनके साथ उचित व्यवहार के साथ निराकरण किया जाए।